ऊर्जा मंत्री ने अफसरों को सुनाई खरी-खरी, कहा- बनिए की दुकान चला रहे हो?
Uttar Pradesh Samachar
भारत
चेतना मंच
24 Jul 2025 04:23 PM
Uttar Pradesh Samachar: उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को लेकर जनता की लगातार शिकायतों और जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के बीच ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा (एके शर्मा) का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। सोमवार को लखनऊ के शक्ति भवन में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और साफ शब्दों में कहा, “मैं बकवास सुनने नहीं आया हूं।” बैठक के दौरान मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि अब दिखावे और झूठी रिपोर्टिंग से काम नहीं चलेगा। उन्होंने सवाल उठाया, “हमारी मौजूदगी में ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, विधायक हमें गालियां दे रहे हैं और आप लोग कह रहे हैं कि सब ठीक है? क्या सरकार को बदनाम करने की सुपारी ले रखी है?” इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
बिजली विभाग नहीं बनिए की दुकान
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विभाग की कार्यशैली पूरी तरह जनता के विरोध में जा रही है। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, “बिजली विभाग कोई प्राइवेट कंपनी या बनिए की दुकान नहीं है। पैसा नहीं तो सेवा नहीं ये मानसिकता खत्म कीजिए। जनता बिजली बिल को लेकर परेशान है, झूठी FIR, गलत बिलिंग और फर्जी विजिलेंस छापों ने भरोसे को तोड़ दिया है।” मीटिंग में मौजूद एक जिम्मेदार अधिकारी को सीधे निशाने पर लेते हुए मंत्री शर्मा ने कहा, “आशीष! ये कौन-सी व्यवस्था है कि एक घर का बिल बकाया है तो पूरे गांव की बिजली काट दी जाती है? ये तुगलकी फरमान क्यों?” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह पब्लिक सर्विस है, जनता से संवाद और समाधान विभाग की जिम्मेदारी है। यहां देखें वीडियो...
[video width="490" height="270" mp4="https://chetnamanch.com/wp-content/uploads/2025/07/6kh0pTUptXTZKqol.mp4"][/video]
फील्ड में जाकर देखिए हकीकत
मंत्री एके शर्मा ने साफ कहा कि अब हवा में बात नहीं चलेगी। "आप लोग एसी कमरों में बैठकर 'ऑल इज वेल' की झूठी रिपोर्ट बना रहे हैं, जबकि फील्ड में जनता बिजली को तरस रही है। ट्रांसफार्मर जलते हैं तो हफ्तों तक बदले नहीं जाते। और जहां असली बिजली चोरी हो रही है, वहां विजिलेंस की टीम नहीं जाती। ये सब बंद होगा।” ऊर्जा मंत्री ने दो टूक कहा कि वे जनता के प्रति जवाबदेह हैं और फील्ड में लापरवाही या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा, “अब अगर किसी ने शिकायतों को नजरअंदाज किया या फील्ड विजिट नहीं की तो सख्त कार्रवाई होगी। जनता को फेस कीजिए, नहीं तो कुर्सी छोड़िए।”
इससे पहले एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक महिला ने बिजली कटौती की शिकायत करते हुए कहा, “सर, दिन में सिर्फ तीन घंटे बिजली आती है, बहुत परेशान हैं।” इसके जवाब में ऊर्जा मंत्री ने हाथ उठाकर “जय श्रीराम” का नारा लगवाया और वहां से निकल गए। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है साथ ही कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।