विज्ञापन
Etah Accident: हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Etah Accident News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बागवाला थाना क्षेत्र के कीलर मऊ के पास सड़क किनारे खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक रोडवेज बस फर्रुखाबाद के नवाबगंज से नई दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस में तकनीकी खराबी आ गई जिसके कारण चालक और परिचालक बस को ठीक कराने में जुट गए। इस दौरान बस में सवार कई यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार करने लगे। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने बस और उसके पास खड़े यात्रियों को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में रमेश, शैलेश, सुखराम, सत्येंद्र और प्रभाकर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बिना देरी किए अस्पताल भेजा गया ताकि उन्हें जल्द इलाज मिल सके। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घायल यात्रियों का इलाज एटा मेडिकल कॉलेज में जारी है।
बताया जा रहा है कि, हादसे में घायल हुए 11 यात्रियों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों को हर जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एटा सड़क हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सड़क हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
विज्ञापन