उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बुनियादी सुविधाओं की कमी के विरोध में कक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर में बिजली, पंखे, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए।

UP News : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बुनियादी सुविधाओं की कमी के विरोध में कक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर में बिजली, पंखे, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों के विरोध के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी तत्काल सक्रिय हुए और कुछ ही घंटों के भीतर अधिकांश मांगों को स्वीकार कर लिया। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। UP News
मामला फतेहपुर जिले के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज का है। यहां कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं का आरोप है कि लंबे समय से विद्यालय में बिजली, पंखे, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त डेस्क-बेंच और मिड-डे मील जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार कर स्कूल परिसर के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि इन अव्यवस्थाओं के कारण पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन के दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों से जुड़े पोस्टर तैयार किए और नारेबाजी करते हुए विद्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराया। कुछ छात्र बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का चित्र भी अपने साथ लेकर पहुंचे। छात्रों ने आरोप लगाया कि सुविधाओं की मांग उठाने पर उन्हें परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती थी। उनका यह भी कहना था कि गर्मी के मौसम में पंखों की व्यवस्था न होने से कई विद्यार्थियों की तबीयत खराब हो जाती है। कुछ छात्रों ने विद्यालय प्रशासन के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। UP News
छात्रों के सड़क पर उतरते ही मामले की सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंची। विद्यालय प्रशासन ने पहले छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ठोस आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन पर डटे रहे। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने घोषणा की कि प्रत्येक कक्षा में चार-चार पंखे लगाए जाएंगे, बिजली की वायरिंग दुरुस्त की जाएगी, एक माह के भीतर नए डेस्क-बेंच उपलब्ध कराए जाएंगे और परिसर में आरओ वाटर कूलर लगाया जाएगा। मिड-डे मील के मेन्यू में भी सुधार करने का आश्वासन दिया गया। हालांकि विज्ञान वर्ग शुरू करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रयोगशाला और आवश्यक मान्यता की जरूरत होगी, इसलिए इस पर बाद में निर्णय लिया जाएगा। अधिकारियों ने छात्रों को लिखित आश्वासन सौंपा, जिसके बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। UP News
विज्ञापन