Uttar Pradesh झोपड़ी में लगी आग में झुलसकर पांच लोगों की मौत
Uttar Pradesh
भारत
चेतना मंच
28 Dec 2022 03:06 PM
Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कोपागंज क्षेत्र में खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से एक झोपड़ी में आग लगने से उसमें झुलस कर पांच लोगों की मौत हो गई।
Uttar Pradesh News
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बुधवार को बताया कि कोपागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार की देर रात करीब 10 बजे एक झोपड़ी में आग लग गई, जिसमें जलकर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में गुड्डी राजभर (34), उसके पुत्र अभिषेक (12), दिनेश (10), अंजेश (छह) और उसकी बहन की बेटी चांदनी (14) की मौत हो गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
डीएम ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह घटना चूल्हे की चिंगारी से लगी आग के कारण हुई प्रतीत होती है। पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत
सहारनपुर। सहारनपुर जिले के बेहट इलाके में एक ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और हादसे में उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात क्षेत्र) सूरज राय ने बुधवार को बताया कि चिलकाना थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी रमजान उर्फ नानू (45) और उसका बेटा जुनैद (19) मिर्जापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर टांडा में अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। मंगलवार देर शाम लौटते वक्त बेहट थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहिये की चपेट में आने से रमजान की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक रमजान के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।