कुख्यात गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला की गिरफ्तारी के बाद एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पांच लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक पते का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और उसी के सहारे विदेश फरार हो गया।

UP News : पंजाब राज्य के कुख्यात गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला की गिरफ्तारी के बाद एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पांच लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक पते का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और उसी के सहारे विदेश फरार हो गया। हाल ही में इंडोनेशिया से गिरफ्तार किए जाने के बाद जब यह जानकारी सामने आई तो पंजाब पुलिस की टीम गोरखपुर पहुंची और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई। अब यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर गैंगस्टर को गोरखपुर का पता किसने उपलब्ध कराया और फर्जी पासपोर्ट बनाने में किन लोगों की भूमिका रही। UP News
जांच एजेंसियां अब उस पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं, जिसने गैंगस्टर के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला ने गोरखनाथ थाना क्षेत्र के एक पते का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया था। इसके बाद वह विदेश भागने में सफल रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाब पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संबंधित पते की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पासपोर्ट आवेदन, पुलिस सत्यापन रिपोर्ट और अन्य रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारियों को आशंका है कि यह मामला केवल एक फर्जी पासपोर्ट तक सीमित नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि इसी नेटवर्क के जरिए कई अन्य लोगों के आधार कार्ड, पासपोर्ट और पहचान संबंधी दस्तावेज भी फर्जी तरीके से तैयार किए गए हो सकते हैं। इसी वजह से पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि ऐसे सभी मामलों का पता लगाया जा सके और पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। UP News
गोरखपुर में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। बीते वर्षों में कई मामलों में वरिष्ठ अधिकारियों के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज बनाए जाने की घटनाएं उजागर हुई थीं। ऐसे में बिल्ला का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पुराने मामलों को भी दोबारा खंगाल रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इन घटनाओं के तार किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। UP News
पुलिस के अनुसार जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, बलवा, आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध समेत 25 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे बिल्ला के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त अभियान के बाद उसे इंडोनेशिया से भारत लाया गया है। UP News
फिलहाल गैंगस्टर पुलिस रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि फर्जी पासपोर्ट बनवाने में किन लोगों ने उसकी मदद की, नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है और विदेश भागने की पूरी साजिश कैसे रची गई। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि जिस पते के आधार पर फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट तैयार किया गया, उसकी गहन जांच कराई जा रही है। इस पूरे मामले में जो भी व्यक्ति या नेटवर्क शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे फर्जी दस्तावेज नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। UP News
विज्ञापन