उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्तिथ खोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। लोकप्रिय विहार इलाके में एक मीट कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 18 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी।

UP News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्तिथ खोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। लोकप्रिय विहार इलाके में एक मीट कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 18 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। आरोपी ने घर में मौजूद दूसरी बेटी पर भी हमला किया, जिसमें वह घायल हो गई। किसी तरह घर से निकलकर उसने अपनी जान बचाई और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। UP News
पुलिस के अनुसार, लोकप्रिय विहार में नूरानी मस्जिद के पास रहने वाला मोहम्मद राजा अंसारी मीट का कारोबार करता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात उसका अपनी पत्नी 40 वर्षीय बेबी तबस्सुम और बेटियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देर रात विवाद शांत होने के बाद परिवार के सदस्य सो गए थे। आरोप है कि इसके बाद राजा अंसारी ने घर में रखे धारदार हथियार से अपनी पत्नी और बड़ी बेटी पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। घटना के दौरान उनकी छोटी बेटी जोया की भी नींद खुल गई। मां और बहन की चीख सुनकर जागी जोया ने खुद को बचाने की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी हमला किया। वह किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही, लेकिन इस दौरान उसके पैर में चोट लग गई। जोया के शोर और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। UP News
घटना की सूचना मिलते ही खोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटना के पीछे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। UP News
विज्ञापन