विज्ञापन
Ghaziabad News आग तेजी से इमारत के कुछ हिस्सों में फैली। आग की चपेट में करीब 10 से 12 फ्लैट आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कमिश्नर और डीएम को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने और राहत कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए।

Ghaziabad News : गाजियाबाद की एक सोसायटी में बुधवार (29 अप्रैल) सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक देखी गईं। हादसा इंदिरापुरम में स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में हुआ। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आग तेजी से इमारत के कुछ हिस्सों में फैली। आग की चपेट में करीब 10 से 12 फ्लैट आ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस कमिश्नर और डीएम को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने और राहत कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए।
सोसायटी के लोगों ने क्या बताया?
पीटीआई के अनुसार सोसाइटी की एक निवासी मीरा ने बताया, "आग 9वीं मंजिल से 13वीं मंजिल तक फैल गई है। आग सुबह करीब 8:30 बजे लगी थी यह सबसे ऊपरी मंज़िल तक पहुंच गई है। 9वीं मंजिल पर कुछ पेंट का काम चल रहा था। शायद कोई शॉर्ट सर्किट हुआ और AC में धमाका हो गया। मुझे नहीं पता कि इसमें कोई घायल हुआ है या नहीं।"
सोसायटी के एक अन्य निवासी रोहित कहते हैं, “आग लगने से करीब 10-12 फ्लैट जल गए हैं। शायद बिजली की कोई समस्या थी। मेरे पास पूरी जानकारी नहीं है।”
'सभी सुरक्षित-कोई घायल नहीं'
पीटीआई के मुताबिक मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने कहा, "आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। हमारे अधिकारी हर मंजिल तक पहुंच गए हैं। हमारी टीमें सुबह 9 बजे से ही यहां मौजूद हैं। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग 9वीं मंजिल के एक फ्लैट में लगी थी, जहां कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। आग लगने के असली कारण की जांच की जा रही है। इस घटना में कुल आठ मंजिलें प्रभावित हुई हैं।"
इस घटना ने एक बार फिर हाई-राइज बिल्डिंगों में आग लगने और तेजी से फैलने के खतरे को सामने ला दिया है। हाई-राइज बिल्डिंग में आग कई वजहों से लग सकती है। शॉर्ट सर्किट, गैस लीकेज, रसोई में अनदेखी, सिगरेट का गलत तरीके से फेंकना या कंस्ट्रक्शन और बिजली काम सबसे आम कारणों में शामिल हैं।
हाई-राइज बिल्डिंग में आग तेजी से फैलती है इसका बड़ा कारण इनकी ऊंची और खड़ी संरचना है. आग लगने पर गर्म हवा और धुआं ऊपर की तरफ उठता है। लिफ्ट शाफ्ट, सीढ़ियों के रास्ते और एसी की डक्ट्स चिमनी की तरह काम करते हैं। धुएं को तेजी से ऊपरी मंजिलों पर ले जाते हैं।
विज्ञापन