
Ghaziabad News : साहित्य के प्रचार - प्रसार को समर्पित संस्था 'काव्यलोक' का द्वितीय वार्षिकोत्सव कविनगर स्थित लायंस आई हॉस्पिटल के सभागार में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ कवयित्री डा. रमा सिंह ने की। समारोह के मुख्य आकर्षण गीत ऋषि सोम ठाकुर एवम मुख्य अतिथि के रूप में पधारे वरिष्ठ पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री, शैलेंद्र जैन 'अप्रिय' एवम दीक्षित दनकौरी सहित मंचस्थ गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
प्रख्यात कवयित्री पूनम मटिया के कुशल संचालन में गार्गी कौशिक द्वारा सरस्वती वंदना के पश्चात करीब 40 कवियों/साहित्यसेवियों को सम्मानित किया गया। डा श्वेता त्यागी को 'श्रेष्ठ रचनाकार' पुरस्कार प्रदान करने के साथ - साथ काव्यलोक द्वारा प्रकाशित पत्रिका का लोकार्पण भी किया गया।
दूसरे सत्र में काव्यलोक के संस्थापक कवि राजीव सिंहल का 61वां जन्मदिवस उनके परिजनों की उपस्थिति में बड़ी धूमधाम से मनाया गया, मंचस्थ सभी महानुभावों और सभागार में उपस्थित सैकड़ों प्रतिभागियों ने राजीव सिंहल को शॉल, माल्यार्पण द्वारा अपनी शुभकामनाएं दीं।
[caption id="attachment_82726" align="alignnone" width="300"]
Ghaziabad News[/caption]
तीसरे सत्र का संचालन डा वागीश दिनकर द्वारा किया जिसमें आगरा से पधारे गीतऋषि सोम ठाकुर को शॉल, प्रतीक चिन्ह देकर' डा कुंअर बेचैन स्मृति सम्मान' प्रदान किया गया। पत्रकार अमिताभ अग्निहोत्री ने अपने वक्तव्य में कवि सोम ठाकुर के व्यक्तित्व एवम कृतित्व का वर्णन करते हुए कवि और कविता की विलक्षण व्याख्या की, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमुदाय मंत्रमुग्ध हो गया।
[caption id="attachment_82727" align="alignnone" width="300"]
Ghaziabad News[/caption]
इस अवसर पर मुंबई के फिल्म निर्माता फाल्गुन त्रिपाठी द्वारा निर्मित एक लघुफिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें सोम ठाकुर के जीवन वृत्त और उपलब्धियों को बखूबी दर्शाया गया। तत्पश्चात सोम ठाकुर ने अपने एक घंटे के काव्यपाठ से उपस्थित काव्य प्रेमियों को विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में अपने अध्यक्षीय संबोधन में डा रमा सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया। सामूहिक डिनर के पश्चात सभी आगंतुकों को विदाई के समय श्री राजीव सिंहल की पत्नी श्रीमती संगीता सिंहल (संस्थापक अध्यक्ष - ' मीना देवी सेवार्थ') की ओर से मिठाई का डिब्बा भेंट किया गया।