उत्तर प्रदेश में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी तमंचे, कई अर्द्धनिर्मित हथियार, कारतूस और असलहा बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। जमानिया थाना पुलिस और स्वाट टीम बी की संयुक्त कार्रवाई में एक परित्यक्त कमरे के भीतर हथियार बनाने का सामान और तैयार असलहे मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 9 चालू देशी तमंचे, कई अर्द्धनिर्मित हथियार, कारतूस और असलहा बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। मौके से एक मोटरसाइकिल भी मिली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों को कहां खपाने की तैयारी थी और इस कथित नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। UP News
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक जमानिया योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और पुलिस टीम पाण्डेयपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना जमानिया की द्वितीय मोबाइल टीम और स्वाट टीम बी को साथ लेकर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सिंचाई विभाग के एक परित्यक्त कमरे में छापेमारी की। यह कमरा पुलिया के पास बताया गया है। पुलिस के अनुसार मौके पर तीन लोग मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान कमरे से बड़ी संख्या में बने और अर्द्धनिर्मित हथियार तथा हथियार निर्माण से जुड़ा सामान बरामद हुआ। UP News
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 9 चालू देशी तमंचे बरामद किए गए। इसके अलावा 315 बोर के तीन अर्द्धनिर्मित तमंचे, 12 बोर का एक अर्द्धनिर्मित तमंचा और 32 बोर का एक अर्द्धनिर्मित रिवॉल्वर भी मिला। मौके से हथियारों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई पुर्जे भी बरामद किए गए। इनमें अर्द्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, तमंचे की बॉडी और बट, तमंचे तथा पिस्टल की अर्द्धनिर्मित नाल, ट्रिगर गार्ड और हैमर लगे हुए पुर्जे शामिल बताए गए हैं। UP News
पुलिस ने मौके से 315 बोर के पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने की बात कही है। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस के कब्जे में ली गई है। बरामद सामान की जांच के आधार पर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों को की जानी थी ? UP News
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पन्ना लाल बिंद (40) निवासी सोईलापुर भूतहिया ताड़, थाना कोतवाली गाजीपुर, मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय (52) निवासी ताजपुर मांझा, थाना जमानिया और सोनू बिंद (26) निवासी सकरा, थाना कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद हथियारों और उपकरणों के स्रोत तथा संभावित नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। UP News
गाजीपुर में हाल के दिनों में अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में पुलिस की कार्रवाई सामने आती रही है। सितंबर में खानपुर क्षेत्र में भी पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं, जमानिया पुलिस की ओर से भी अवैध हथियार बरामदगी की कार्रवाई हाल में सामने आई थी। ऐसे में जमानिया क्षेत्र में कथित असलहा निर्माण की यह कार्रवाई पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब जांच का फोकस इस बात पर रहेगा कि बरामद हथियारों को कहां खपाया जाना था और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है। UP News
विज्ञापन