विज्ञापन
UP News : 14 अप्रैल को गाज़ीपुर के एक गांव से एक नाबालिग लड़की लापता हो गई थी और अगले दिन सुबह गंगा नदी पर बने एक पुल के पास उसका शव मिला।

UP News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार (25 अप्रैल) को गाजीपुर में कथित बलात्कार और हत्या के एक मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रशासन पर महिलाओं की सुरक्षा करने और न्याय सुनिश्चित करने में बार-बार नाकाम रहने का आरोप लगाया। हालांकि उनकी पोस्ट के बाद गाजीपुर पुलिस ने भी जवाब दिया।
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी के साथ बलात्कार और निर्मम हत्या - और फिर परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से रोकने के लिए धमकियां, हिंसा। हाथरस, कठुआ, उन्नाव और आज गाजीपुर - यह एक पैटर्न है। मणिपुर की बेटी ने न्याय की राह देखते-देखते दम तोड़ दिया।"
'हर बार वही चेहरा'
कांग्रेस नेता ने कहा, "हर बार वही चेहरा - पीड़िता दलित, पिछड़ी, आदिवासी, ग़रीब। हर बार वही सच्चाई - अपराधी को संरक्षण, पीड़ित को प्रताड़ना। हर बार वही चुप्पी - सत्ता की, जिन्हें बोलना चाहिए था। जिस देश और प्रदेश में मां-बाप को अपनी बेटी की एफआईआर लिखवाने के लिए भीख मांगनी पड़े, उस देश की सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं। " UP News
राहुल गांधी ने दोषी पुलिस अफ़सरों के खिलाफ कार्रवाई, परिवार को सुरक्ष देने, मामले की उच्च स्तरीय जांच और तुरंत न्याय की मांग की। उन्होंने लिखा, "मोदी जी, मुख्यमंत्री जी जवाब दीजिए - आपके राज में बेटियाँ इतनी असुरक्षित क्यों हैं? ऐसे हालात में न्याय माँगा नहीं, छीना जाता है - और हम छीनकर लाएंगे।"
प्रियंका ने भी बोला सरकार पर हमला
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी सरकार की आलोचना करते हुए उस पर राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। गाजीपुर मामले का ज़िक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी अक्सर पीड़ितों का साथ देने के बजाय आरोपियों का पक्ष लेते हैं।
गाजीपुर पुलिस का जवाब
राहुल गांधी की पोस्ट पर गाजीपुर पुलिस ने जवाब दिया। उन्होंने लिखा, "कृपया सही तथ्यों से संज्ञानित हों, दिनांक 15.4.2026 की सुबह 5:44 बजे मृतका के पिता ने डायल 112 पर कॉल करके बताया था कि लड़की ने पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली है । प्रकरण में मृतका के पिता की तहरीर पर दर्ज एफआईआर में भी रेप का कोई उल्लेख नहीं है। मृतका के पीएम में भी कोई बलात्कार संबंधी तथ्य नहीं आया है ।
गाजीपुर पुलिस की पोस्ट में कहा गया, "कृपया कोई ऐसी असत्यापित, तथ्यहीन एवं भ्रामक अफवाह (rumour) ना फैलाएं जिससे समाज में शांति भंग हो । गाज़ीपुर पुलिस द्वारा इस प्रकरण में हत्या के एक आरोपी एवं पथराव करने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है एवं और भी गिरफ्तारियां जारी हैं ।" UP News
विज्ञापन