उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर मायावती तथा अखिलेश यादव तक इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर चुके हैं। इस बीच वेब सीरीज के निर्माता ने घूसखोर पण्डित नामक अपनी वेब सीरीज का प्रचार अभियान स्थगित करने की घोषणा की है।

UP News : सोशल मीडिया पर रिलीज होने वाली वेब-सीरीज घूसखोर पण्डित पर विवाद बढ़ता ही जा रहा है। घूसखोर पण्डित के मुद्दे पर सबसे ज्यादा बवाल उत्तर प्रदेश में मचा हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर मायावती तथा अखिलेश यादव तक इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर चुके हैं। इस बीच वेब सीरीज के निर्माता ने घूसखोर पण्डित नामक अपनी वेब सीरीज का प्रचार अभियान स्थगित करने की घोषणा की है।
वेब-सीरीज घूसखोर पण्डित के ऊपर उत्तर प्रदेश में बवाल मचा हुआ है। उत्तर प्रदेश के वाराणसी से लेकर लखनऊ तक अलग-अलग शहरों में वेब-सीरीज के निर्माता तथा हीरो के विरूद्ध जोरदार प्रदर्शन हो रहे हैं। आंदोलन कर रहे ब्राह्मण समाज का कहना है कि इस वेब-सीरीज के शीर्षक में ही ब्राह्मण समाज का अपमान करने की भावना मौजूद है। वेब-सीरीज का विरोध करने वाले इस फिल्म के निर्माता के विरूद्ध अलग-अलग स्थानों पर एफआईआर भी दर्ज करा रहे हैं। अकेले उत्तर प्रदेश में इस फिल्म घूसखोर पण्डित के निर्माता के विरूद्ध तीन एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं।
इस दौरान वेब-सीरीज घूसखोर पण्डित की कहानी भी सामने आई है। दरसअल वेब सीरीज घूसखोर पण्डित का टीजर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फिल्म के टीजर की शुरुआत एक बेहद असरदार डायलॉग से होती है, ‘हर करप्ट ऑफिसर को बदलने का एक मौका मिलता है। अब ऑफिसर अजय दीक्षित की बारी।’ यह एक ही वाक्य फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट का सार बयां कर देता है। कहानी अजय दीक्षित नाम के एक पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका कैरियर बुरे कामों से दागदार रहा है। टीजर से संकेत मिलते हैं कि यह फिल्म केवल एक क्राइम ड्रामा नहीं है, बल्कि एक व्यक्ति के अपने जमीर और समाज के बीच चल रहे द्वंद्व की कहानी है। फिल्म इस सवाल को उठाती है कि क्या सिस्टम की गंदगी में डूबा हुआ एक व्यक्ति वाकई खुद को सुधार सकता है। आपको पता ही है कि फिल्म स्टार मनोज बाजपेयी जटिल और ग्रे-शेड वाले किरदारों को जीवंत करने के लिए मशहूर हैं। फिल्म घूसखोर पण्डित में मनोज बाजपेयी हीरो ‘अजय दीक्षित’ की भूमिका में रचे-बसे नजर आ रहे हैं। एक्टर के चेहरे के हाव-भाव और डायलॉग डिलीवरी की गहराई साफ दिखाती है कि यह किरदार उनके करियर के सबसे यादगार किरदारों में से एक होने वाला है।
फिल्म घूसखोर पण्डित में नुसरत भरुचा, दिव्या दत्ता, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय, श्रद्धा दास और किकू शारदा जैसे मंझे हुए नाम शामिल हैं। हालांकि टीजर में अन्य किरदारों के बारे में रहस्य बरकरार रखा गया है, लेकिन इतनी शानदार स्टार कास्ट से यह साफ है कि कहानी में कई पेचीदा मोड़ होंगे, जो हीरो अजय दीक्षित के सामने निजी और पेशेवर जीवन की कड़ी चुनौतियां पेश करेंगे। अपने धांसू निर्देशन और अभिनय के कारण ‘घूसखोर पंडित’ फिलहाल नेटफ्लिक्स इंडिया के सबसे पॉपुलर कॉन्टेंट की लिस्ट में टॉप पर बनी हुई है। यह देखना बेहद दिलचस्प होगा कि इस विवादित फिल्म का भविष्य क्या होगा? UP News