सहारनपुर में गंगोह रोड स्थित श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की म्हाड़ी पर छड़ी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई क्षेत्रों से आई संगतों ने पूजा-अर्चना कर बाबा के दरबार में निशान चढ़ाए। सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला में गंगोह रोड स्थित श्री जाहरवीर गोगा जी महाराज की म्हाड़ी पर छड़ी मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही आसपास के इलाकों के साथ-साथ दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते रहे। हाथों में नीले निशान और छड़ियां लेकर श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और निशान चढ़ाए। तीन दिवसीय मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में नेजा और 26 छड़ियां शोभायात्रा के साथ म्हाड़ी तक पहुंचीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद बाबा के जयकारे लगाए। मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कई संगतें रात से ही यहां पहुंचने लगी थीं। श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा के अनुसार बाबा को प्रसाद और भेंट चढ़ाई।
गोगा जी महाराज की म्हाड़ी से लोगों की आस्था लंबे समय से जुड़ी हुई है। कई परिवार ऐसे हैं, जो पीढ़ियों से इस धार्मिक मेले में शामिल होते आ रहे हैं। परिवार के बुजुर्गों के बाद अब नई पीढ़ी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा के दरबार में पहुंचकर उन्हें शांति और सुकून की अनुभूति होती है। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग अपनी मनोकामना लेकर यहां पहुंचते हैं।श्रद्धालु शिवा पालीवाल ने बताया कि उनका परिवार करीब 20-25 वर्षों से लगातार गोगा जी महाराज के मेले में शामिल होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर बाबा के दरबार में पहुंचते हैं। शिवा पालीवाल के मुताबिक, बाबा की म्हाड़ी पर पहुंचकर उन्हें शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने देश और दुनिया में सुख-शांति की कामना की। उन्होंने बताया कि मेले में कई श्रद्धालु रात से ही पहुंचने लगते हैं और अपनी श्रद्धा के अनुसार प्रसाद व भेंट चढ़ाते हैं। वहीं श्रद्धालु नेहा पालीवाल ने भी बताया कि वह लंबे समय से गोगा जी महाराज की म्हाड़ी पर आ रही हैं। उनके अनुसार बाबा के दरबार में पहुंचकर उन्हें खुशी और शांति मिलती है। उन्होंने अपने परिवार की सुख-शांति की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मेले में जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा भीड़ की निगरानी बढ़ाई गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। तीन दिन तक चलने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। आस्था और धार्मिक उत्साह के बीच श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। UP News :
विज्ञापन