गोण्डा के नवाबगंज में शादी का झांसा देकर दुराचार के आरोप में वांछित मोहम्मद कैफ गिरफ्तार। पुलिस ने मुंबई जाने की तैयारी के दौरान नगवा मोड़ से पकड़ा।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में नवाबगंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुराचार करने के आरोप में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुंबई जाने की तैयारी में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अयोध्या रोड स्थित नगवा मोड़ के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहम्मद कैफ पुत्र सफात अली, निवासी होलापुर काजी, थाना नवाबगंज, जनपद गोण्डा, पिछले करीब दो-तीन वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुराचार करता रहा। तहरीर के मुताबिक, जब महिला ने आरोपी से शादी करने की बात कही तो वह कथित तौर पर मामले को लगातार टालता रहा। पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज कराने की बात सामने आने के बाद आरोपी ने 16 सितंबर 2026 को निकाह किया और इसके बाद 21 सितंबर 2026 को कोर्ट मैरिज भी की।
हालांकि, आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने महिला को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और उसे धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर नवाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 329/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 69, 318(4) और 351(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसकी तलाश कर रही थी।पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि वांछित आरोपी कैफ बैग लेकर मुंबई जाने की तैयारी में अयोध्या रोड की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस की टीम ने अयोध्या रोड स्थित नगवा मोड़ के पास पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे करीब रात 9:10 बजे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद कैफ पुत्र सफात अली, निवासी होलापुर काजी, थाना नवाबगंज, जनपद गोण्डा बताया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अहमद हुसैन और हेड कांस्टेबल आनंद सिंह शामिल रहे। UP News :
विज्ञापन