गोण्डा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख 25 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक नौकरी का भरोसा देकर रकम लेने के बाद फर्जी नियुक्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोण्डा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में कोतवाली नगर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर एक व्यक्ति से 10 लाख 25 हजार रुपये लिए और बाद में उसे फर्जी एवं कूटरचित नियुक्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराए। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पटेल नगर निवासी रियाज अहमद सिद्दीकी ने कोतवाली नगर पुलिस को दी शिकायत में करण वर्मा और अनूप कुमार पाण्डेय पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके एवज में रियाज से अलग-अलग समय में कुल 10,25,000 रुपये ले लिए। पुलिस के मुताबिक, पैसे लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ित को नियुक्ति से संबंधित ऐसे दस्तावेज उपलब्ध कराए, जिन्हें शिकायतकर्ता ने फर्जी और कूटरचित बताया। जब रियाज ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के ठिकाने के संबंध में सूचना मिली। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने सर्कुलर रोड स्थित एक किराये के मकान पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी करण वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान पुलिस को दूसरे आरोपी अनूप कुमार पाण्डेय के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी। UP News :
पुलिस के मुताबिक, करण वर्मा की निशानदेही पर इमर्ती विसेन स्थित रामप्यारे फिलिंग सेंटर के सामने अनूप कुमार पाण्डेय के मकान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम को देखकर अनूप ने पीछे के रास्ते से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण वर्मा पुत्र परशुराम वर्मा, निवासी मतवरिया रूगढ़ नौसी, थाना मोतीगंज, गोण्डा और अनूप कुमार पाण्डेय पुत्र चन्द्रवंश मणि पाण्डेय, निवासी विम्हौर पोस्ट इमलिया गुरदयाल, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी। UP News :
विज्ञापन