मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र के हरैटी गांव में ग्राम प्रधान के बेटे रोहन राठी का शव खेत में मिला। पुलिस ने जांच के लिए 3 विशेष टीमें गठित की हैं।

UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरैटी गांव में ग्राम प्रधान के इकलौते बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई। गांव की सड़क के पास खेत में 12वीं कक्षा के छात्र का शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान रोहन राठी के रूप में हुई है, जो हरैटी गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव और आक्रोश को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, सुबह क्षेत्र के किसान जब अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें सड़क के पास खेत में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। किसानों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान विवेक राठी और अन्य ग्रामीणों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रोहन राठी के रूप में की। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। UP News:
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ सदर सुनील कुमार और पुरकाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और घटनाक्रम से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जांच के दौरान घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस जीपीएस, सीडीआर और एसओजी की तकनीकी सहायता से मामले से जुड़े संदिग्धों और संभावित सुरागों की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, रोहन राठी की किसी से पुरानी रंजिश नहीं थी। ऐसे में पुलिस हत्या के कारण और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रोहन आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था और वह खेत तक कैसे पहुंचा। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नवीन राठी समेत ग्रामीणों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। UP News:
विज्ञापन