कूड़ा रखने को लेकर झगड़ा, पड़ोसी ने मारपीट कर दबाया गला
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 04:45 PM
Greater Noida News (चेतना मंच)। घर के बाहर कूड़ा रखने का विरोध करने पर दबंग ने पड़ोसी के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान जान से मारने की नीयत से आरोपी ने पड़ोसी का गला दबा दिया। गंभीर स्थिति में पड़ोसी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में महिला की शिकायत पर थाना बिसरख पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गाली-गलौज करता हुआ दबंग घर में घुसा
शाहबेरी की कुरैशी बिल्डिंग में रहने वाली निशा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार के साथ तीसरी मंजिल पर रह रही है। सेकेंड फ्लोर पर आदिल चौधरी रहता है। आदिल चौधरी अपने गेट के सामने कचरा गंदगी रखता है जिसका साबिर ने कई बार विरोध किया। निशा के मुताबिक उसके पति साबिर ने 1 नवंबर को आदिल चौधरी को कमरे के सामने से गंदगी हटाने को कहा। इस बात से गुस्सा होकर आदिल चौधरी गाली-गलौज करता हुआ उनके घर में घुसकर उन्हें देख लेने की धमकी देने लगा।
Greater Noida News in hindi
शिकायत पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया
निशा के मुताबिक आदिल चौधरी के जाने के बाद उनके पति साबिर किसी काम के लिए घर से बाहर जा रहे थे। इस दौरान बिल्डिंग के नीचे आदिल चौधरी ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आदिल चौधरी ने उनके पति साबिर के साथ मारपीट की और उनका गला दबा दिया। झगड़े की आवाज सुनकर वह नीचे पहुंची तो उसने किसी तरह आदिल चौधरी के चंगुल से अपने पति साबिर को बचाया। इसके बाद वह साबिर को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची जहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा– नोएडाकी खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।