उत्तर प्रदेश के इस जिले में बनेगा आधुनिक 3-लेन पुल, मिली मंजूरी
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
15 Sep 2025 01:15 PM
ग्रेटर नोएडा में सेक्टर पी-3 गोलचक्कर के पास हवालिया नाले पर सालों पुराना जर्जर पाइप पुल अब जल्द ही इतिहास बन जाएगा। ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण (GRIND) ने इस स्थान पर नया 3-लेन का आधुनिक आरसीसी पुल बनाने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा में यह सिर्फ कंक्रीट और लोहे का ढांचा नहीं होगा, बल्कि यह लाखों लोगों की सुरक्षा, सुविधा और क्षेत्रीय विकास की गारंटी भी बनेगा। Greater Noida News :
पुल का विवरण :
पुल सेक्टर पी-3 गोलचक्कर से सेक्टर ओमेगा-1 की ओर जाने वाली लेन पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण से आसपास के सेक्टरों के निवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत, सुरक्षित आवागमन और बेहतर सड़क सुरक्षा मिलेगी।
* लंबाई: 25 मीटर
* चौड़ाई: 10.50 मीटर
* ऊंचाई: पुराने पुल से 3 मीटर अधिक
एक साल में निर्माण कार्य होगा पूरा
GRIND के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज कुमार सचान ने बताया कि सीईओ की मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण कार्य सिंचाई विभाग के माध्यम से किया जाएगा। पुल निर्माण के लिए अनुमानित बजट लगभग 7 करोड़ रुपये रखा गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे एक साल के भीतर पूरा करने की उम्मीद है।
नए पुल के बनने से लाखों लोगों को होगा फायदा
सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से यह कदम बेहद महत्वपूर्ण है। पुराने पाइप पुल की संकरी और खस्ताहाल स्थिति के कारण हादसे का खतरा बना रहता था। नए पुल के बनने के बाद न केवल ग्रेटर नोएडा के प्रमुख सेक्टरों के लोगों का आवागमन आसान होगा, बल्कि सूरजपुर-कासना मार्ग, यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड और आसपास के गांवों के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
GRIND के CEO रवि कुमार एनजी ने कहा कि पुराने संकरे पुल को तोड़कर नए मजबूत और आधुनिक पुल का निर्माण किया जाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों तक शहर को सुरक्षित और स्मार्ट बनाए रखेगा। Greater Noida News