GREATER NOIDA NEWS: अलाव में पेट्रोल डालना महिला के लिए हुआ जानलेवा साबित
GREATER NOIDA NEWS
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 04:56 AM
GREATER NOIDA NEWS: ग्रेटर नोएडा । रोजा याकूबपुर गांव में अलाव की आग को तेज करने के लिए पेट्रोल डालना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ है। पेट्रोल डालने के कारण उठी आग की लपटों ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया जिस कारण वह बुरी तरह झुलस गई। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई है। महिला की मौत से 4 मासूमों के सर से उनकी मां का साया उठ गया है। महिला की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
GREATER NOIDA NEWS
रोजा याकूबपुर गांव निवासी श्रीकांत शर्मा की 36 वर्षीय पत्नी कुंती शर्मा करीब 15 दिन पूर्व अपने घर के आंगन में जल रहे अलाव पर हाथ ताप रही थी। अलाव मंद पड़ने पर कुंती ने उस पर और लकड़ियां रख दी लेकिन आग नहीं सुलगी। आग जलाने के लिए कुंती ने थोड़ा सा पेट्रोल अलाव पर डाला जिसके बाद आग की लपटों का एक तेज गुबार उठा और उसने कुंती को अपनी चपेट में ले लिया। कुंती के कपड़ों में आग पकड़ ली। उसके चीखने की आवाज सुनकर परिजनों ने किसी तरह कपड़ों में लगी आग को बुझाया लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी।
गंभीर रूप से झुलसी कुंती को परिजन स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सफदरजंग अस्पताल में करीब 15 दिन जिंदगी और मौत से जूझने के बाद कुंती बीती रात्रि जिंदगी की जंग हार गई। कुंती की मौत के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रिश्तेदार, परिजन व ग्रामीण कुंती के चार मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता में डूबे हुए हैं।