आगरा के रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की गुरुग्राम के होटल में हुई मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। UK से भारत लौटने के बाद उनके साथ ऐसा क्या हुआ कि शादी की तैयारियों के बीच घर में मातम छा गया। पढ़े पूरी खबर।

UP News:उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हरियाणा के गुरुग्राम स्थित होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है। वह यूनाइटेड किंगडम (UK) के मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे। उनका शव गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल के कमरे में बने जकूजी में मिला। प्रांजिल की जल्द ही शादी होने वाली थी और आगरा में परिवार तैयारियों में जुटा था। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है।
आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी निवासी प्रांजिल पाठक हाल ही में UK से भारत लौटे थे। उन्होंने उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां बिताईं। सोमवार को वह ऋषिकेश से दिल्ली पहुंचे थे। यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्होंने अपने एक दोस्त को फ्लाइट में बैठाया। इसके बाद रात बिताने के लिए गुरुग्राम जाने का फैसला किया और सेक्टर-53 स्थित होटल में कमरा बुक कराया।
प्रांजिल ने गुरुग्राम के होटल में कमरा नंबर 302 में चेक-इन किया था। रात करीब आठ बजे होटल कर्मचारियों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की गई तो वह बाथरूम में बने जकूजी के पानी में अचेत अवस्था में मिले। होटल प्रबंधन ने डॉक्टर को बुलाया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस फिलहाल प्रांजिल की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच में जकूजी में नहाते समय दिल का दौरा पड़ने, पैर फिसलने से गिरने या पानी में डूबने जैसी संभावनाओं को ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक इनमें से किसी भी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। होटल के कमरे से दवाइयों की एक स्ट्रिप भी मिली है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
प्रांजिल की मौत की खबर मिलते ही आगरा में उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के लोग उनकी शादी की तैयारियों में जुटे थे। बताया गया है कि UK में उनकी जल्द ही शादी होने वाली थी। परिवार को उनके भारत आने और शादी की खुशियों का इंतजार था, लेकिन अचानक मिली मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुग्राम के सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने होटल के कमरे का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने होटल की तीसरी मंजिल के साथ मुख्य प्रवेश और निकास द्वार पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद किसी बाहरी व्यक्ति के वहां पहुंचने का संकेत CCTV फुटेज में नहीं मिला। कमरे का दरवाजा भी अंदर से बंद था। पुलिस होटल में उनके पहुंचने से लेकर कर्मचारियों को शक होने तक की गतिविधियों की जांच कर रही है। फिलहाल गुरुग्राम पुलिस होटल के CCTV फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। प्रांजिल की मौत कैसे हुई, इसका अंतिम जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
विज्ञापन