
Hamirpur : उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में गुरुवार सुबह सरकारी प्राइमरी स्कूल का गेट खुलते ही स्कूल के छात्रों और स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया। स्कूल के प्रिंसिपल का शव क्लास रूम में पंखे से लटका हुआ मिला। इस खौफनाक मंजर को देखने के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया, जिसके तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया।
यह घटना जिले के सरीला ब्लॉक के उपरांखा गांव के सरकारी कन्या प्राथमिक विद्यालय की है। गुरुवार को जब स्कूल खुला तो प्रिंसिपल का शव क्लासरूम से लटका हुआ मिला। स्कूल स्टाफ ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। फ़िलहाल यही माना जा रहा है की घरेलू कलह से तंग आकर प्रिंसिपल ने आत्महत्या की है।
मृतक प्रिंसिपल कंधौली गांव निवासी सुग्रीव श्रीवास हैं, जिनकी उम्र 55 वर्ष थी, वह सरीला ब्लाक क्षेत्र के उपरांखा गांव में 2012 से काम कर रहे थे और कुछ ही समय पहले सरकारी प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल बने थे। स्कूल के सहायक अध्यापक रविंद्र ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रधानाचार्य घरेलू समस्याओं को लेकर काफी परेशान थे और बीते सोमवार को वह काफी रो रहे थे। उन्हें काफी समझाया जिसके बाद वह अपने घर चले गए।
मंगलवार को वह स्कूल आये थे, लेकिन उन्होंने वहां किसी से भी कोई बातचीत नहीं की। पूरा दिन वह स्कूल के मैदान में बैठे रहे। स्कूल की छुट्टी हो गई और सब अपने अपने घर लौट गए, लेकिन शाम के समय प्रिंसिपल के बेटे भानुप्रताप ने शिक्षा मित्र बलवान महेंद्र को बताया कि पिता जी घर नहीं आये और वह फ़ोन भी नहीं उठा रहे। जिसके बाद उनकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन वह कहीं नहीं मिले। लेकिन जब अगले दिन यानि बुधवार सुबह स्कूल खुला तो प्रिंसिपल का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस जांच के बाद सही कारण पता चल पायेगा। देश और दुनिया से जुड़ी ताज़ा खबरे पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहे।