Hardoi News : यातायात बूथ में फांसी पर झूलता मिला सिपाही का शव
Hardoi News :
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 10:47 AM
Hardoi News : यूपी के हरदोई में कोतवाली इलाके के सोल्जर बोर्ड चौराहे पर बने यातायात पुलिस बूथ के अंदर एक सिपाही का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला है। यह सिपाही ट्रैफिक पुलिस में तैनात था। सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यातायात पुलिस में तैनात था सिपाही
मामला शहर कोतवाली के सोल्जर बोर्ड चौराहे का है। यहां पर लोहे की चादरों से बनाकर पुलिस का यातायात बूथ संचालित किया जाता है। बुधवार सुबह जब यह बूथ खोला गया तो अंदर यातायात में तैनात सिपाही अशोक कुमार यादव का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
Hardoi News : इसी चौराहे पर लगी थी ड्यूटी
मृत सिपाही की पहचान देवरिया निवासी अशोक कुमार यादव के रूप में हुई। उसकी तैनाती हरदोई में थी। यहां पर वह किराये के मकान में रहता था। पुलिस के मुताबिक, अशोक यादव की ड्यूटी रात में इसी चौराहे पर लगाई गई थी। लेकिन आज सुबह उसका शव पाया गया। जानकारी होने पर एसपी राजेश द्विवेदी सहित अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र, सीओ सिटी/यातायात विनोद द्विवेदी सहित कई अफसर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम साक्ष्यों को इकट्ठा कर रही है।
पुलिसकर्मियों से की जा रही पूछताछ
एसपी ने कहा कि मृत सिपाही के परिजनों को सूचित किया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथी पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।