रायबरेली के 25वीं वाहिनी पीएसी मैदान में होमगार्ड भर्ती की दौड़ के दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, उपचार के बाद छुट्टी मिली।

UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली शहर के 25वीं वाहिनी पीएसी मैदान में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दौड़ लगाते समय एक-एक करके 11 अभ्यर्थियों की अचानक हालत बिगड़ गई। भीषण गर्मी और उमस के बीच दौड़ के दौरान किसी को चक्कर आ गया तो किसी को तेज कमजोरी और बेचैनी महसूस हुई। आनन-फानन में सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, देर शाम तक इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत मंगलवार से पीएसी मैदान में अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा शुरू हुई है। इसमें प्रतापगढ़, उन्नाव और सुल्तानपुर जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों को शामिल किया गया। सुबह करीब आठ बजे मैदान में प्रवेश मिलने के बाद प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन सुबह से ही मौसम में तीखी धूप और उमस बनी हुई थी। शारीरिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के तनाव में कई अभ्यर्थी बिना कुछ खाए-पिए ही मैदान में उतर गए थे। वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने डिहाइड्रेशन से बचने के चक्कर में दौड़ से ठीक पहले जरूरत से ज्यादा पानी पी लिया। दौड़ शुरू होते ही शरीर में असंतुलन बना और अभ्यर्थी मैदान में गिरने लगे।
मैदान में अभ्यर्थियों के अचानक गिरते ही भर्ती स्थल पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में सभी को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र ने बताया कि उमस और शारीरिक तनाव के कारण अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी थी। इलाज के बाद सभी की हालत सामान्य हो गई और किसी की भी स्थिति गंभीर न होने पर देर शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बीमार पड़े सभी 11 अभ्यर्थी प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले हैं। इनमें राहुल लोधी, आशीष, सलमान खान, मनीष पांडेय, अजय सिंह, विष्णु मौर्य, शिव प्रताप पटेल, अर्पित मिश्रा, अंतिम, अश्वनी विश्वकर्मा और अभय सिंह यादव शामिल हैं। सभी के सुरक्षित घर लौटने के बाद भर्ती बोर्ड और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है। UP News:
विज्ञापन