HONEY TRAP IN NOIDA: पहले फंसाया प्यार में फिर करने लगी ब्लैकमेल
भारत
चेतना मंच
14 Feb 2023 05:10 PM
HONEY TRAP IN NOIDA: नोएडा। हनीट्रैप में फंसा कर एक एक्सपोर्ट कंपनी के एचआर असिस्टेंट मैनेजर को ब्लैकमेल करने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित को ब्लैकमेल करके अब तक 50 हजार रूपए ठगे जा चुके हैं। अब और रुपयों की मांग की जा रही है। पीड़ित ने थाना फेज 3 में युवती सहित 3 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
HONEY TRAP IN NOIDA
मूल रूप से बलिया निवासी नवीन कुमार सेक्टर 65 की एक एक्सपोर्ट कंपनी में एचआर असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी में ही काम करने वाली प्रियंका नामक महिला से उसकी दोस्ती हुई जो धीरे-धीरे प्रगाढ़ होती चली गई। दोनों के बीच अंतरंग बातें होने लगी।
नवीन कुमार का आरोप है कि कुछ दिनों से प्रियंका ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया है। उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने वह समाज में बदनाम करने की धमकी देकर उसने उनसे 50 हजार रूपए ले लिए थे। 50 हजार रूपए लेने के बाद प्रियंका अपने साथी विनय बिहारी व विपिन के साथ मिलकर उन पर एक लाख रुपए और देने का दबाव डाल रही है। नवीन का कहना है कि प्रियंका व उसके साथी धमकी दे रहे हैं कि अगर उन्हें पैसे नहीं दिए गए तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ-साथ उसे समाज में बदनाम कर दिया जाएगा।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। बता दें कि हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पूर्व में भी ऐसे कई मामले प्रकाश में आए हैं जिनमें युवती व महिलाओं ने युवकों को प्रेम जाल में फंसा कर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया था।