नई दिल्ली। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर परतापुर टोल के पास सोमवार अल-सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं ये सभी बिजनौर के रहने वाले हैं।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दिल्ली एयरपोर्ट से परिवार के तीन सदस्यों को छोड़कर परिवार के बाकी सदस्य ब्रेजा में सवार होकर लौट रहे थे। एक्सप्रेस-वे पर परतापुर टोल के पास खड़े ट्रक में ब्रेजा कार टकरा गई। ब्रेजा में सवार चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। कार में सवार सात माह का बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिवार को मामले की सूचना दी गई है। जानकारी के अनुसार सभी मृतक बिजनौर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बिजनौर के मोहल्ला मिर्दगान के रहने वाले जहीर खान दुबई में फर्नीचर का काम करते हैं। जहीर कोरोना में लाकडाउन की वजह से घर आए हुए थे। सोमवार को उनकी दुबई की फ्लाइट थी। जहीर और उनका बेटे समेत तीन लोगों को छोड़ने के लिए परिवार के सदस्य ब्रेजा और स्विफ्ट में सवार होकर एयरपोर्ट गए थे। वहां से लौटते समय दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर परतापुर टोल के पास ब्रेजा के चालक ताजिम निवासी मालिवाला बिजनौर को नींद की झपकी आ गई, जिससे टोल के पास साइड में खड़े ट्रक में पीछे से ब्रेजा टकरा गई। हादसे को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि ब्रेजा की स्पीड सौ से ज्यादा होगी।
हादसे में सात माह का बच्चा सुरक्षित
कहते हैं ना 'जाको राखे साइयां मार सके ना कोय' इसी कहावत को इस हादसे ने एक बार फिर चरितार्थ कर दिया है। जानकारी के अनुसार ब्रेजा में जहीर की बेटी अलमास उसका पति गुलशन, छोटी बेटी फाजिला, सास नसीमा खातून पत्नी शाहिद और भाई की बेटी जुबेरिया पुत्री जमील सवार थी। हादसे में पांचों लोगों की मौके पर मौत हो गई। अलमास की गोद में सात माह का उसका बेटा उमेर था। उमेर की हादसे के दौरान जान बच गई है। हादसे को देखकर तत्काल ही आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गये। तब तक पीछे से स्विफ्ट में सवार होकर जहीर की पत्नी गुलशन और परिवार के अन्य सदस्य भी घटना स्थल पर आ गए। हादसे को देखकर उनके होश उड़ गए। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मदद से सात माह के बच्चे को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।
इस मामले में एसपी सिटी, विनीत भटनागर का कहना है कि एक्सप्रेस वे पर हादसे में ब्रेजा सवार पांच लोगों की मौत हो गई है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। कार में सवार सात माह के बच्चे को उपचार दिलाया जा रहा है।