UP News: एक साथ मरने वाले पत्नी तथा पति के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते हुए परिजन चारों तरफ अचानक मरने वाले पति तथा पत्नी को पुकार रहे हैं।

UP News: उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की मोहब्बत में सारी सीमाएं पार कर डाली। अपने परिजनों, मित्रों तथा रिश्तेदारों को रोते हुए छोडक़र एक पति ने अपनी पत्नी की अर्थी पर ही दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की इस घटना ने दूर-दूर तक कोहराम मचा दिया है। एक साथ मरने वाले पत्नी तथा पति के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोने वालों के ऊपर समाज के लोगों की सांत्वना का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। रोते हुए परिजन चारों तरफ अचानक मरने वाले पति तथा पत्नी को पुकार रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की है हृदयविदारक घटना
पत्नी की अर्थी पर अपनी जान देने वाली यह घटना उत्तर प्रदेश के औरैया जिले की है। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के थाना सहायल क्षेत्र में मधवापुर गाँव पड़ता है। इसी मधवापुर गाँव में उस समय अचानक कोहराम मच गया जब अर्थी पर लेटी हुई पत्नी की मांग भरते समय पति ने भी अंतिम सांस ले ली। पत्नी की मौत लम्बी बीमारी के कारण हो गई थी। मरने वाली महिला का नाम पिंकी था। वह मात्र 35 वर्ष की थी। पिछले कुछ महीनों से पिंकी टीबी की बीमारी से जूझ रही थी। सोमवार को शाम पिंकी की अचानक मृत्यु हो गई। मंगलवार की सुबह पिंकी के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। भारतीय सनातन परम्परा के अनुसार पिंकी का पति श्यामल दास अर्थी के ऊपर लेटी हुई अपनी पत्नी की मांग में अंतिम बार सिंदूर भर रहा था। उसी समय अचानक हार्ट फेल हो जाने के कारण श्यामल ने भी दम तोड़ दिया। श्यामल दास 40 वर्ष के थे। इस घटना के कारण पिंकी तथा श्यामल के परिवार में कोहराम मच गया। उन दोनों के दो बेटे हैं। उन बेटों तथा अन्य परिजनों के जीवन में अचानक घोर अंधकार छा गया है।
दो बेटों पर टूट पड़ा दु:खों का बड़ा पहाड़
इस घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीडि़त परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। श्यामल और पिंकी के चले जाने के बाद अब उनके दोनों मासूम बेटों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। गांव के लोगों ने शासन से मांग की है कि इस पीडि़त परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाकर बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जाए। इस घटना के बाद से केवल औरैया जिले में ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश में शोक की लहर व्याप्त हो गई है। हर कोई पिंकी तथा श्यामल दास की मोहब्बत में साथ-साथ मरने की चर्चा कर रहा है। जानकारों का कहना है कि श्यामल दास अपनी पत्नी से बेइन्तहा प्यार करता था।
विज्ञापन