उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार शाम एक पति ने कथित तौर पर सिलबट्टे से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

UP News : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में शुक्रवार शाम एक पति ने कथित तौर पर सिलबट्टे से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्नी को मृत देखकर आरोपी के होश उड़ गए और वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। UP News
पुलिस के मुताबिक, गौरी दायमपुर गांव निवासी कुंज बिहारी का शुक्रवार शाम करीब सात बजे अपनी 35 वर्षीय पत्नी मोनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मोनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। UP News
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुंज बिहारी घर छोड़कर फरार हो गया। कुछ देर बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कासिमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपी शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था। दंपति का एक बच्चा भी है। परिवार में लगातार हो रहे झगड़ों से परेशान परिजन बच्चे को अपने साथ दिल्ली ले गए थे, जिसके बाद पति-पत्नी गांव में अकेले रह रहे थे। पड़ोसियों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और इस बार वही विवाद जानलेवा साबित हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी घनश्याम राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि झगड़े के दौरान आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर सिलबट्टे से सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। UP News
विज्ञापन