उत्तर प्रदेश में IAS दीपक कुमार का जलवा, कैसे बने सबसे पावरफुल अफसर?
भारत
चेतना मंच
19 Sep 2025 01:43 PM
उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल के तहत योगी सरकार ने 14 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस बदलाव में सबसे बड़ा नाम IAS दीपक कुमार का है जिन्हें अब राज्य का सबसे प्रभावशाली अधिकारी माना जा रहा है। उन्होंने मुख्य सचिव एसपी गोयल को भी पीछे छोड़ दिया है क्योंकि सरकार ने उनसे अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभाग वापस लेकर दीपक कुमार को सौंप दिए हैं। UP News
किन विभागों की मिली है जिम्मेदारी?
दीपक कुमार को जिन पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है उनमें अवसंरचना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC), उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) के सीईओ, PICKUP (Public Infrastructure & Capital Knowledge Utilisation Programme) के चेयरमैन, UPDASP (उत्तर प्रदेश विकास एवं कृषि सेवा कार्यक्रम) के परियोजना निदेशक, समन्वय विभाग के अपर मुख्य सचिव शामिल हैं। वहीं उन्हें बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है जिससे साफ है कि अब उनका फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पर रहेगा।
कौन हैं IAS दीपक कुमार?
दीपक कुमार 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने 1989 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। मूल रूप से बिहार के पटना जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक कुमार ने इतिहास विषय से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उन्हें हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान है। मार्च 2024 में उन्हें अपर मुख्य सचिव (गृह विभाग) बनाया गया था और इससे पहले वह कई उच्च पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मुख्य सचिव से भी ज्यादा पावरफुल क्यों माने जा रहे हैं?
परंपरागत रूप से, मुख्य सचिव राज्य का सबसे प्रभावशाली अधिकारी होता है, लेकिन इस बार सरकार ने एसपी गोयल से लगभग सभी अहम विभाग हटाकर दीपक कुमार को सौंप दिए हैं। यह दर्शाता है कि सरकार दीपक कुमार पर अधिक भरोसा जता रही है और उनकी कार्यशैली को प्राथमिकता दे रही है। ये बदलाव यूपी की प्रशासनिक दिशा में एक बड़ा संकेत है। UP News