दो बहनें साथ पढ़ रही हों तो एक की फीस माफ करें प्राइवेट स्कूल : योगी
CM Yogi Adityanath
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 07:44 AM
भारत
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 07:44 AM
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वर्तमान में बालिकाओं की शिक्षा पर ध्यान देने की विशेष जरूरत है। इसके लिए उनको शिक्षा के प्रति प्रत्साहित करना जरूरी है और उन्हें इसके लिए सहयोग देने की भी अवश्यकता है। गांधी जयंती के अवसर पर लोकभवन में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में उन्होंने निजी स्कूलों से आह्वान करते हुए कहा कि यदि निजी स्कूलों में दो बहनें एक साथ पढ़ रही हों तो उनमें से एक की फीस माफ की जानी चाहिए। अगर निजी स्कूल ऐसा नहीं करते हैं तो संबंधित विभाग एक छात्रा की फीस का प्रबंध स्वयं करे। इसके लिए जिला स्तर पर नोडल अफसर बनाए जाएं। छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश के एक लाख 51 हजार छात्रों के अकाउंट में छात्रवृत्ति भेजी। इस दौरान उन्होंने 30 नवंबर तक सभी पात्र छात्रों को मिशन मोड में छात्रवृत्ति वितरण का काम पूरा करने का निर्देश भी दिया।
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि देश के दो महान योद्धाओं का आज जन्म दिन है। मैं गांधी जी और शास्त्री जी को उनके त्याग और बलिदान के लिए नमन करता हूं। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के बल पर देश को आजाद करवाया। 2014 में दो अक्तूबर को ही स्वच्छ भारत मिशन का प्रारंभ किया गया था। यह इस मिशन का ही परिणाम है कि हमने इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों पर 99 प्रतिशत तक काबू पा लिया है। प्रदेश के 38 जिलों में ये बीमारी 97 प्रतिशत तक नियंत्रित हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आजादी के तत्काल बाद एससी, एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी को वोट बैंक तो माना गया पर सत्ता के गलियारों में उनकी आवाज को अनसुना कर दिया गया पर आज उन्हें विकास का लाभ मिल रहा है। देश व प्रदेश के हर व्यक्ति की जाति व धर्म देखे बिना कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें दिया जा रहा है।
वहीं, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और पीएम नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप काम होने से तेजी से विकास हो रहा है।