जौनपुर के मड़ियाहूं में पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों ड्रोन से पुलिस की निगरानी करते थे। मौके से भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।

UP News : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अवैध पटाखा निर्माण के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के भंडरिया टोला में चल रही कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल किया था। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री और ड्रोन कैमरा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 3 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के भंडरिया टोला में छापेमारी की गई। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से इम्तियाज अहमद (48) और उसके बेटे मोहम्मद कैफ (23) को गिरफ्तार किया। दोनों इसी गांव के निवासी बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें : बृजभूषण शरण सिंह ने मतदाता सूची पर भी दिया बड़ा बयान, बोले रिजीम चेंज कर दो
पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर अवैध पटाखा फैक्ट्री पर पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए ड्रोन कैमरे के जरिए आसपास के इलाके की निगरानी करते थे। छापेमारी के दौरान मौके से एक ड्रोन कैमरा भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली है। बरामदगी के बाद अवैध पटाखा निर्माण के नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान मौके से करीब 155 किलोग्राम अनार पटाखे, 60 किलोग्राम सुतली बम और 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखे बरामद किए गए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में बारूद, गंधक, सोरा, एल्यूमीनियम की कतरन और पटाखे बनाने के उपकरण भी मिले। पुलिस को मौके से 1,530 खाली मिट्टी की अनार घरिया भी बरामद हुई हैं।
क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान इस तरह की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विज्ञापन