सुल्तानपुर के मोतिगरपुर और कादीपुर में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर 35 लीटर अवैध कच्ची शराब और 100 किलो लहन बरामद किया। तीन अभियोग दर्ज किए गए।

UP News : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को मोतिगरपुर और कादीपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान करीब 100 किलोग्राम लहन भी बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी एवं उप आबकारी आयुक्त, अयोध्या प्रभार के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण में की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कादीपुर गिरिराज सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मोतिगरपुर और कादीपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अभियान चलाया।
आबकारी विभाग की टीम ने महमूदपुर जंगल, सराय रानीपुर और कादीपुर खुर्द में दबिश दी। तलाशी के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही कच्ची शराब बरामद हुई। टीम ने करीब 35 लीटर अवैध शराब को कब्जे में लिया, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार किया गया लगभग 100 किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत तीन अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
प्रवर्तन अभियान के दौरान आबकारी विभाग की टीम ने क्षेत्र में संचालित ईंट-भट्ठों और कबाड़ की दुकानों की भी सघन जांच की। अधिकारियों ने ईंट-भट्ठा संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि उनके प्रतिष्ठानों पर अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में संचालित आबकारी दुकानों का भी निरीक्षण किया गया और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को अवैध और जहरीली शराब के खतरों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने अपील की कि लोग अवैध शराब का सेवन न करें, क्योंकि जहरीली शराब स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनने के साथ जानलेवा भी साबित हो सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान में आबकारी सिपाही कुलदीप, विकास और वाहन चालक शान सहित आबकारी विभाग एवं पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध क्षेत्रों में आगे भी लगातार जांच और छापेमारी की जाएगी। UP News :
विज्ञापन