सहारनपुर की दिशा बैठक में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

सहारनपुर, (चेतना मंच) । जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक उस समय चर्चा में आ गई, जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच जनता से जुड़े मुद्दे उठाने को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि बैठक में सपा विधायक आशु मलिक जनता से जुड़े मुद्दों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की बात कह रहे थे। इसी दौरान सांसद इमरान मसूद ने आपत्ति जताते हुए कहा कि दूसरों को भी बोलने का मौका दिया जाना चाहिए। इस पर आशु मलिक ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता से जुड़े सवाल हैं और उन्हें बैठक में उठाया जाएगा। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही। इससे बैठक का माहौल गर्म हो गया। UP News
बैठक में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने दोनों नेताओं के बीच बढ़ती बहस को शांत कराने का प्रयास किया। कुछ देर बाद मामला शांत हुआ और बैठक की कार्यवाही दोबारा आगे बढ़ी। दिशा की बैठक करीब चार घंटे तक चली। प्रशासन की ओर से बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इसी दौरान नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। UP News
इमरान मसूद और आशु मलिक के बीच राजनीतिक मतभेद पहले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में दिशा की बैठक के दौरान हुई यह नोकझोंक राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर अभी तक सांसद इमरान मसूद और विधायक आशु मलिक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। UP News
विज्ञापन