उत्तर प्रदेश की सियासत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के ताजा बयान ने हलचल बढ़ा दी है। भाजपा सरकार को लेकर उन्होंने कई तीखे सवाल उठाए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने देश में लोकतंत्र, कानून व्यवस्था और घुसपैठियों के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया। इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि देश में अराजकता का माहौल सरकार ने खुद पैदा किया है। उन्होंने घुसपैठियों की संख्या को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि देश में तीन करोड़ घुसपैठिए मौजूद हैं और सरकार ने उन्हें चिह्नित भी कर लिया है, तो फिर उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की गई? कांग्रेस सांसद ने सरकार पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का लोकतंत्र लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चोरी और लूट करने वाले ही उल्टा शोर मचा रहे हैं। मौजूदा हालात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहावत भी दोहराई कि 'उल्टा चोर कोतवाल को डांटे'।
इमरान मसूद ने घुसपैठियों की संख्या को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि देश में तीन करोड़ घुसपैठिए हैं और सरकार ने उनकी पहचान कर उनके वोट भी कटवा दिए हैं, इसके बावजूद वे देश में मौजूद हैं, तो यह सरकार की नाकामी है। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार के पास घुसपैठियों की संख्या और उनकी पहचान से जुड़ी जानकारी है, तो फिर उन्हें लेकर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? कांग्रेस सांसद ने इसी मुद्दे को आधार बनाकर भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा।
कांग्रेस सांसद ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने की बात कहते हुए कहा कि ऐसी नाकारा सरकार को सत्ता से उखाड़कर फेंक देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार के पैर अब उखड़ने लगे हैं और उसे समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करना है। इमरान मसूद ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। जब तक सरकार सत्ता से नहीं हटती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभी आगे बहुत कुछ देखने को मिलेगा।
इस दौरान इमरान मसूद ने बसपा नेता आकाश आनंद के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को एक सिक्के के दो पहलू बताया था। इस पर कांग्रेस सांसद ने आकाश आनंद को अप्रासंगिक बताते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे कब और कहां क्या कहेंगे। उनके विचारों में स्पष्टता नहीं है। इस तरह इमरान मसूद ने एक ही बयान में भाजपा सरकार की नीतियों, घुसपैठियों के मुद्दे और विपक्षी दलों के बीच जारी राजनीतिक बयानबाजी पर अपनी बात रखी। उनके बयान से उत्तर प्रदेश की सियासत में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
विज्ञापन