यूपी में है एशिया का सबसे बड़ा पार्क, 376 एकड़ में जन्नत जैसा नजारा

लखनऊ अपने ऐतिहासिक स्मारकों, नवाबी संस्कृति और आधुनिक विकास के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। इसी शहर के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क को एशिया के सबसे बड़े शहरी पार्कों में गिना जाता है।

park (1)
गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क
locationभारत
userयोगेन्द्र नाथ झा
calendar15 Mar 2026 06:44 PM
bookmark

UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अपने ऐतिहासिक स्मारकों, नवाबी संस्कृति और आधुनिक विकास के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। इसी शहर के गोमती नगर विस्तार क्षेत्र में स्थित जनेश्वर मिश्रा पार्क को एशिया के सबसे बड़े शहरी पार्कों में गिना जाता है। करीब 376 एकड़ क्षेत्र में फैला यह विशाल पार्क हर दिन हजारों लोगों को प्रकृति के करीब आने का मौका देता है। यह पार्क हरियाली, झील, साइकिल ट्रैक और मनोरंजन सुविधाओं के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच खासा लोकप्रिय है।

2014 में जनता को समर्पित हुआ था विशाल पार्क

इस पार्क का निर्माण उत्तर प्रदेश की तत्कालीन सरकार के दौरान कराया गया था और इसे वर्ष 2014 में आम लोगों के लिए खोला गया। यह परियोजना समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्रा की स्मृति में विकसित की गई थी। पार्क का डिजाइन लंदन के प्रसिद्ध हाइड पार्क से प्रेरित माना जाता है। आज यह पार्क शहर के सबसे बड़े पर्यटन और मनोरंजन स्थलों में शामिल है, जहां हर उम्र के लोग घूमने आते हैं।

376 एकड़ में फैला हरियाली का विशाल संसार

करीब 1.52 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले इस पार्क में हजारों पेड़-पौधे, फूलों की क्यारियां और बड़े-बड़े लॉन बनाए गए हैं। यहां कई तरह के पक्षी भी दिखाई देते हैं, जिससे यह जगह बर्ड वॉचिंग के लिए भी पसंदीदा बन गई है। पार्क के बीचों-बीच बड़ी कृत्रिम झील और जलाशय बनाए गए हैं, जो पूरे इलाके की खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं।

साइकिल ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक और बोटिंग का आनंद

पार्क में करीब 6 किलोमीटर से ज्यादा लंबा साइकिल ट्रैक और जॉगिंग ट्रैक बनाया गया है, जहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग दौड़ने और साइकिल चलाने आते हैं। इसके अलावा यहां बोटिंग, बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क, खेल मैदान और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। झील में गोंडोला नाव की सवारी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है, जो पार्क को और भी रोमांचक बनाती है।

हर साल रखरखाव पर खर्च होते हैं करोड़ों रुपये

इतने बड़े पार्क की देखभाल करना आसान नहीं है। इसके रखरखाव, सफाई और सुरक्षा पर सरकार को हर साल लगभग 20 करोड़ रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। पार्क में सोलर ऊर्जा का उपयोग, म्यूजिकल फाउंटेन, लेजर शो और आधुनिक सुविधाओं के कारण यह जगह केवल घूमने का स्थल ही नहीं बल्कि शहर की शान भी बन चुकी है। आज जनेश्वर मिश्रा पार्क लखनऊ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। सुबह-शाम यहां परिवार, छात्र, पर्यटक और फिटनेस प्रेमियों की भीड़ देखने को मिलती है। हरियाली, झील और आधुनिक सुविधाओं के कारण यह पार्क शहर के बीचों-बीच प्रकृति की एक अनोखी दुनिया जैसा अनुभव देता है।


अगली खबर पढ़ें

ईद पर जश्न नहीं, मातम मनाने की अपील; जेल से आजम खान का संदेश

सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने ईद के मौके पर मुसलमानों से जश्न न मनाने और मातम करने की अपील की है। उनका यह संदेश उनके करीबी यूसुफ मलिक के माध्यम से बाहर आया है।

azam khan (1)
वरिष्ठ नेता आजम खान
locationभारत
userयोगेन्द्र नाथ झा
calendar15 Mar 2026 05:54 PM
bookmark

UP News : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने ईद के मौके पर मुसलमानों से जश्न न मनाने और मातम करने की अपील की है। उनका यह संदेश उनके करीबी यूसुफ मलिक के माध्यम से बाहर आया है। आजम खान ने कहा है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और उसमें मासूमों की मौत को देखते हुए मुसलमानों को इस बार ईद सादगी और शोक के साथ मनानी चाहिए।

ईरान-इजरायल युद्ध का किया जिक्र

युसूफ मलिक ने जेल से बाहर आकर मीडिया को बताया कि आजम खान वैश्विक हालात को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्होंने विशेष रूप से ईरान और इजराइल के बीच चल रहे संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि इस युद्ध में कई मासूम बच्चों की जान गई है। इसी वजह से उन्होंने मुसलमानों से अपील की है कि वे ईद के दिन जश्न से दूरी बनाकर विरोध का संदेश दें।

काले कपड़े पहनकर नमाज पढ़ने की अपील

आजम खान ने अपने संदेश में कहा है कि विरोध के तौर पर मुसलमान इस बार ईद पर नए कपड़े न पहनें। उन्होंने लोगों से काले कपड़े पहनकर या काली पट्टी बांधकर नमाज अदा करने की अपील की है, ताकि युद्ध में मारे गए बच्चों के प्रति संवेदना व्यक्त की जा सके। 

आजम खान की इस अपील को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। लंबे समय से जेल में रहने के कारण वह सक्रिय राजनीति से दूर थे, लेकिन उनके इस संदेश को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उनकी राजनीतिक सक्रियता का संकेत माना जा रहा है। खासकर रामपुर और मुरादाबाद के इलाके में उनकी पकड़ को फिर मजबूत करने की कोशिश के तौर पर भी इसे देखा जा रहा है। 

युसूफ मलिक के अनुसार आजम खान ने कहा कि दुनिया में कहीं भी मुसलमानों पर होने वाले अत्याचार को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी समुदाय के लोगों से शांति और इंसानियत के पक्ष में खड़े होने की अपील भी की है।


अगली खबर पढ़ें

लखनऊ में सपा नेता के रिसॉर्ट पर छापा, 88 गैस सिलेंडर बरामद

काकोरी थाना क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर की कथित कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार कनौजिया उर्फ सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट पर छापा मारकर 88 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

chunav 1
एलपीजी सिलेंडर की कथित कालाबाजारी
locationभारत
userयोगेन्द्र नाथ झा
calendar15 Mar 2026 05:29 PM
bookmark

UP News : लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में एलपीजी सिलेंडर की कथित कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार कनौजिया उर्फ सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट पर छापा मारकर 88 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। आरोप है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के लिए रखा गया था। इस मामले में नेता, उनकी पत्नी और गैस एजेंसी मैनेजर समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने की छापेमारी

जिला पूर्ति अधिकारी की टीम ने 14 मार्च को मोहन रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट में छापेमारी की। जांच के दौरान यहां भारत गैस एजेंसी से जुड़ा एक बोलेरो मैक्सी ट्रक खड़ा मिला, जिसमें बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे थे। बताया जा रहा है कि संबंधित गैस एजेंसी सपा नेता की पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर दर्ज है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन अधिकारियों को संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

88 सिलेंडर मिले, कई भरे हुए भी थे

एफआईआर के अनुसार जब्त वाहन से कुल 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 65 खाली घरेलू सिलेंडर, 9 भरे हुए सिलेंडर, 5 किलो के 14 छोटे खाली सिलेंडर शामिल हैं। जांच के दौरान वहां किसी तरह का रिफिल रिकॉर्ड या वैध दस्तावेज भी नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि सिलेंडरों को बिना अनुमति एक निजी परिसर में रखा गया था।

पत्नी समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

इस मामले में सपा नेता सुरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी मंजू कनौजिया, गैस एजेंसी के मैनेजर मुन्ना उर्फ इक्तदा हुसैन, वाहन चालक जमील अहमद और साहिल समेत कुल छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक यह मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश-2000 के उल्लंघन से जुड़ा है।

सपा नेता ने दी सफाई

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरेंद्र कुमार ने कहा कि गैस एजेंसी उनकी पत्नी के नाम पर है और हाल ही में नया गोदाम इब्राहिमगंज में बनाया गया है। उनके मुताबिक वहां वाहन की आवाजाही की व्यवस्था पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है, इसलिए पिछले कुछ दिनों से सिलेंडर लेकर आने वाली गाड़ी रिसॉर्ट परिसर में ही खड़ी हो रही थी।

पुलिस जांच में जुटी, गोदाम मिला बंद

छापेमारी के बाद बरामद सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। इसके बाद अधिकारियों ने आलमबाग स्थित संबंधित गैस एजेंसी के गोदाम का भी निरीक्षण किया, लेकिन वहां ताला लगा मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हाल के दिनों में प्रदेश में एलपीजी की कमी की शिकायतों के बीच सरकार ने कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।