वेस्टइंडीज में इरफान पठान के मेकअप आर्टिस्ट की मौत, इस वजह से गई जान
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:58 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:58 AM
UP News : उत्तर प्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी इरफान पठान के मेकअप आर्टिस्ट फैयाज अंसारी की वेस्टइंडीज में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मेकअप आर्टिस्ट की मौत स्विमिंग पूल में डूबने के कारण हुई है। फैयाज के परिजनों का कहना है कि वह T20 विश्व कप में कमेंटेटर के रूप में शामिल पूर्व इंडियन क्रिकेटर इरफान पठान के साथ वेस्टइंडीज गया था। इरफान ही उसके शव को वापस भेजने का खर्च उठा रहे हैं। फैयाज की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
UP News
क्या है पूरी घटना
खबरों के मुताबिक मरने वाले फैयाज अंसारी मूल रूप से बिजनौर के नगीना तहसील के मोहल्ला काजी सराय का रहने वाला था। वह कई साल से मुंबई में बतौर मेकअप आर्टिस्ट काम कर रहा था। वहां पर उसकी सैलून की दुकान थी। इसी बीच एक दिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान उसके सैलून पर आए। जिसके बाद दोनों में जान-पहचान हुई और इरफान ने फैयाज को अपना मेकअप आर्टिस्ट ही बना लिया था। इतना ही नहीं फैयाज को इरफान अपने साथ विदेश भी ले जाने लगे।
स्विमिंग पूल में डूबने से हुई मौत
दरअसल मृतक फैयाज अंसारी के चचेरे भाई मोहम्मद अहमद ने बताया कि इस समय वेस्टइंडीज-अमेरिका में T20 वर्ल्ड कप 2024 खेला जा रहा है। टूर्नामेंट के सुपर आठ के मैच वेस्टइंडीज में खेले जा रहे हैं। इरफान पठान मैच की कमेंट्री के लिए वेस्टइंडीज में ही मौजूद है। वह अपने साथ मेकअप आर्टिस्ट फैयाज अंसारी को भी लेकर गए हुए थे। फैयाज भी पठान के साथ वेस्टइंडीज में मौजूद था। वेस्टइंडीज से सूचना मिली है कि शुक्रवार की शाम को फैयाज की एक होटल में स्विमिंग पूल में नहाते वक्त डूबने से मौत हो गई है। यह समाचार मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
दिल्ली लाए जाएगा फैयाज का शव
मिली जानकारी के अनुसार, फैयाज अंसारी की शादी दो महीने पहले ही हुई थी और वह आठ दिन पहले ही नगीना बिजनौर से मुंबई गया था। अचानक इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बेहाल हो गए है। उन्होंने बताया कि इरफान पठान खुद ही वेस्टइंडीज में सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को भारत लाने की तैयारी कर रहे हैं। फैयाज का शव आने के बाद परिजन दिल्ली शव लेने जाएंगे। इस प्रक्रिया में अभी तीन-चार दिन लगने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, शव को दफनाने के लिए गांव में तैयारियां की जा रही। UP News