पीलीभीत के परेवा वैश्य गांव में आधी रात शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग लग गई। बाइक, वॉशिंग मशीन, जनरेटर समेत लाखों का सामान जलकर राख हो गया।

UP News : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में आधी रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के ग्राउंड फ्लोर पर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। धुआं और घुटन महसूस होने पर उनकी नींद खुली और सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मामला जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव परेवा वैश्य का है। यहां मरहूम मुन्ने अंसारी के घर में बीती रात करीब एक बजे अचानक नीचे के कमरे में शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते कमरे में आग भड़क उठी और कुछ ही देर में आग ने घर के निचले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सभी सदस्य उस समय घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। आग से उठने वाला धुआं जब ऊपर की मंजिल तक पहुंचा तो परिवार के लोगों की नींद खुल गई। धुएं और घुटन का एहसास होने पर परिवार के सदस्य नीचे पहुंचे तो वहां आग विकराल रूप ले चुकी थी।
आग की चपेट में आने से घर में रखा स्प्लेंडर बाइक, होंडा शाइन बाइक, वॉशिंग मशीन, इन्वर्टर-बैटरी और जनरेटर समेत कई घरेलू सामान जल गए। इसके अलावा कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने परिवार की मदद की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
परिवार के मुताबिक आग में घर का काफी सामान जलकर राख हो गया है, जिससे उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि समय रहते परिवार के लोगों के जाग जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। UP News :
विज्ञापन