Jalon News : गर्मी से निजात को स्वीमिंग पूल उतरा सात साल के मासूम, संचालक ने अधमरा किया
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 06:58 AM
Jalon : जालौन। उस मासूम का दोष सिर्फ इतना था कि भीषण गर्मी से निजात के लिए वह एक स्वीमिंग पूल में नहाने उतर गया। गरीब होना ही उस सात साल के बच्चे का अपराध था। उसकी इस हरकत पर प्राइवेट स्वीमिंग पूल के मालिक ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। संचालक ने बच्चे पर पहले थप्पड़ों की झड़ी लगा दी। इससे भी जब मन नहीं भरा तो उसने उसकी गर्दन पकड़कर पीठ पर जमकर घूसे मारे। शिकायत के बाद पुलिस ने संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना 13 जुलाई की है।
जालौन कोतवाली के चुरखी रोड पर एक स्विमिंग पूल है। शाहगंज का रहने वाला अजहर बुधवार की दोपहर गर्मी से निजात पाने के लिए स्वीमिंग पूल में नहाने गया था। जब नहाकर बाहर निकला तो संचालक बादल ने उससे पैसे मांगे। बच्चे के पास फीस के पैसे नहीं थे। बच्चे ने कहा कि वह कल नहाने आएगा तो पूरे पैसे दे देगा। इस पर स्वीमिंग पूल का संचालक आगबबूला हो गया और बच्चे को पकड़कर पीटने लगा। बच्चे के गालों पर बेरहमी से थप्पड़ जड़े। संचालक ने बच्चे की पीठ पर भी जमकर घूसे बरसाए। इस घटना का वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दिया। उसके बाद पुलिस हरकत में आई और संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया। इस बाबत संचालक बादल का कहना है कि बच्चा चोरी करने के लिए पूल में आया था।