जौनपुर में UPI के नए MDR प्रावधान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के सामने विरोध दर्ज कराया और व्यवस्था वापस लेने की मांग की।

UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में UPI से जुड़े नए Merchant Discount Rate (MDR) प्रावधान को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाइन बाजार स्थित डाक बंगले में राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव का घेराव कर अपनी आपत्ति जताई। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ₹2,000 से अधिक की घरेलू खरीदारी से संबंधित बिल और रसीदें राज्य मंत्री के सामने प्रस्तुत कीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि नए MDR प्रावधान से छोटे कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है और इसका असर आगे चलकर उपभोक्ताओं पर भी पड़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से MDR व्यवस्था वापस लेने की मांग की।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि सरकार को डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ व्यापारियों और आम लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने राज्य मंत्री के माध्यम से केंद्र सरकार तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आपत्ति पहुंचाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने UPI के जरिए होने वाले व्यापारिक भुगतान पर MDR लागू किए जाने को लेकर अपनी चिंताएं राज्य मंत्री के सामने रखीं।
केंद्र सरकार के 15 सितंबर 2026 के स्पष्टीकरण के अनुसार, व्यक्ति-से-व्यक्ति (P2P) UPI लेन-देन किसी राशि की सीमा के बिना निःशुल्क रहेगा। वहीं, Rs. 2,000 तक के व्यक्ति-से-व्यापारी (P2M) भुगतान पर MDR नहीं लगेगा। छोटे व्यापारियों के लिए निर्धारित शून्य-MDR व्यवस्था भी जारी रहेगी। सरकार के अनुसार करीब 96 प्रतिशत P2M लेन-देन नए MDR प्रावधान से अप्रभावित रहेंगे। केंद्र सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि MDR ग्राहक से वसूला जाने वाला टैक्स नहीं है। सरकार के अनुसार यह भुगतान इकोसिस्टम में शामिल बैंकों, भुगतान सेवा प्रदाताओं और UPI एप्लिकेशन प्रदाताओं के बीच वितरित होने वाला शुल्क है। Rs.2,000 से अधिक के निर्दिष्ट P2M लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू किया गया है, जबकि Rs.75,000 या उससे अधिक के लेन-देन पर प्रति लेन-देन इसकी अधिकतम सीमा Rs.300 है।
विरोध प्रदर्शन में राकेश मिश्रा, राकेश सिंह डब्बू, विनय तिवारी, लाल प्रकाश पाल, इरशाद खान, अरुण शुक्ला, शहनवाज मंजूर, राजकुमार गुप्ता सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। UP News:
विज्ञापन