जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने देर रात प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। सड़क, गड्ढे, प्रकाश और जल निकासी की खामियों पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।

UP News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने सोमवार देर रात जनपद मुख्यालय के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की स्थिति, गड्ढों, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और अन्य नगरीय सुविधाओं का जायजा लिया। खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने देर रात सद्भावना पुल से निरीक्षण की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने शाही किला, अटाला मस्जिद, जिला अस्पताल, जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन, शकरमंडी, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, कोतवाली क्षेत्र, सिपाह, कलेक्ट्रेट, लाइन बाजार और डाक बंगला लाइन बाजार समेत कई प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण किया।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रमुख सड़कों की स्थिति को मौके पर देखा। उन्होंने सड़क पर मौजूद गड्ढों, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और आमजन से जुड़ी अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों और नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़ी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क एवं नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता, जल निगम के अधिकारी, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, अवर अभियंता समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। UP News:
विज्ञापन