जौनपुर में मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत स्कूली वाहनों की जांच जारी है। नियम तोड़ने पर 35 वाहनों के चालान और 6 वाहन सीज किए गए।

UP News : स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जिले में स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू किया है। ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान 14 से 19 सितंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की जांच की। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की स्थिति देखी गई।
जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं पाए जाने और निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अब तक 35 स्कूली वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, जबकि 6 वाहनों को सीज किया गया है। अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जौनपुर सत्येंद्र कुमार सिंह और यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की जांच की। एआरटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र कुमार सिंह ने जिले के सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि स्कूलों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज तत्काल नियमानुसार अपडेट करा लें।
उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्यालय प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सभी वाहन निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करें।
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दें। अभिभावक यह भी सुनिश्चित करें कि जिस वाहन से उनका बच्चा स्कूल जाता है, उसमें आवश्यक दस्तावेज और निर्धारित सुरक्षा मानक पूरे हों। परिवहन विभाग का यह अभियान स्कूली बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। UP News :
विज्ञापन