विज्ञापन
जेवर एयरपोर्ट पर लखनऊ से पहली इंडिगो फ्लाइट पहुंची। ऐतिहासिक उड़ान में कई बड़े नेता और अधिकारी सवार रहे। जानिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लॉन्च ऑपरेशंस, सुरक्षा व्यवस्था और नई हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी पूरी जानकारी।

उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) ने सोमवार को अपने संचालन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली पहली इंडिगो फ्लाइट सुबह 8:05 बजे जेवर एयरपोर्ट पर पहुंची। इस विशेष उड़ान के साथ एयरपोर्ट के लॉन्च ऑपरेशंस की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
इस ऐतिहासिक मौके पर एयरपोर्ट परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पहली फ्लाइट के स्वागत के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू, गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एनआईएएल) तथा यमुना प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
लखनऊ से जेवर पहुंची इस पहली उड़ान में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी सवार थे। इस विशेष यात्रा के लिए टिकट पहले ही पूरी तरह बुक हो चुके थे, जिससे लोगों के बीच इस ऐतिहासिक उड़ान को लेकर उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस अवसर को क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक एयरपोर्ट की शुरुआत नहीं है, बल्कि उन किसानों के सपनों के साकार होने का दिन भी है, जिन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए शुरू हुई यह हवाई सेवा यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अभी तक नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को लखनऊ जाने या वहां से आने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्भर रहना पड़ता था या फिर लंबी सड़क यात्रा करनी पड़ती थी।
अधिकारियों का मानना है कि यह नई हवाई कनेक्टिविटी उत्तर प्रदेश के प्रमुख प्रशासनिक और व्यावसायिक केंद्रों को बेहतर तरीके से जोड़ने में मदद करेगी। साथ ही भविष्य में अन्य एयरलाइंस भी इस रूट पर सेवाएं शुरू कर सकती हैं, जिससे राज्य के भीतर हवाई संपर्क और मजबूत होगा।
सोमवार को संचालित की गई यह उड़ान एयरपोर्ट के लॉन्च ऑपरेशंस का हिस्सा थी। नियमित वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत बाद के चरण में होने की संभावना है। वहीं, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड पहले ही घोषणा कर चुका है कि एयरपोर्ट की पहली कार्गो फ्लाइट 17 जून को संचालित किए जाने की योजना है।
एयरपोर्ट के उद्घाटन संचालन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट और रनवे क्षेत्र में अत्याधुनिक निगरानी प्रणाली स्थापित की गई है, जिसमें फेस रिकग्निशन, व्यवहार निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों की स्वतः पहचान करने वाली तकनीक शामिल है।
इसके अलावा डॉग स्क्वॉड, फायर फाइटिंग टीम, मेडिकल इमरजेंसी यूनिट और क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट के संचालन से उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को बेहतर हवाई सुविधाएं मिलेंगी। आने वाले समय में यह एयरपोर्ट राज्य के आर्थिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विज्ञापन