UP News: चोरी के बाद से परिवार वाले गहरे सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

UP News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में एक गांव में शुक्रवार की देर रात मकान के पीछे से घुसे चोर लाखों रुपए की ज्वेलरी व 50 हजार नकद उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर घरवालों के होश उड़ गए अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सेमरा कलां गांव निवासी सीताराम केसरवानी ने अपने मकान के आगे के हिस्से में किराने की दुकान खोल रखी हैॉ। शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद परिवार के अन्य सदस्य मकान के ऊपरी हिस्से में सोने चले गए। रात दो बजे के करीब घर के पीछे लगे लकड़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर मकान के भीतर घुस गए।
चोरों ने घर में घुसने से पहले सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़कर अलग कर दिया। लेकिन सीसीटीवी कैमरे में घर में घुस रहे दोनों चोर कैद हो गए। चोरों ने कमरे में घुसकर आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखी ज्वेलरी और दुकान की दराज में रखा कैश चुरा लिए।
सीताराम केसरवानी के अनुसार, चोर आलमारी में रखे करीब 52 लाख रुपए की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए। दुकान में रखा पचास हजार रूपए नकद भी चुरा लिया।
सूचना मिलने प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार, एसआई रमेश यादव, पुनीत गुप्ता व रघुवर शरण राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे को खंगाला और दोनों चोरों की पहचान कराने में जुट गई।
प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार ने बताया कि घटना की हर पहलुओं से जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में कैद गमछे से मुंह ढके दोनों चोरों की पहचान करवाई जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन