कई यूजर्स ने इसे उत्तर प्रदेश के सामाजिक माहौल से जोड़कर भी बहस तेज कर दी। अब इस मामले में महिला बैंककर्मी का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने वायरल क्लिप पर सफाई दी है और घटना की पूरी पृष्ठभूमि बताने का दावा किया है।

UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर से जुड़ा एक 44 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर दो दिन से तेजी से वायरल है। वीडियो में एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी गुस्से में बातचीत करती दिखती हैं और उनके शब्दों को लेकर लोगों ने इसे ग्राहक से विवाद बताकर बैंककर्मी पर सवाल खड़े कर दिए। कई यूजर्स ने इसे उत्तर प्रदेश के सामाजिक माहौल से जोड़कर भी बहस तेज कर दी। अब इस मामले में महिला बैंककर्मी का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने वायरल क्लिप पर सफाई दी है और घटना की पूरी पृष्ठभूमि बताने का दावा किया है। बैंककर्मी ने कहा कि अब तक लोगों ने सिर्फ एक पक्ष देखा, इसलिए दूसरा पक्ष सामने आना जरूरी था।
वायरल क्लिप पनकी साइट नंबर-2 स्थित निजी सेक्टर की बैंक शाखा की बताई जा रही है। वीडियो में महिला कर्मचारी (आस्था सिंह) कथित तौर पर किसी व्यक्ति को नाराजगी में चेतावनी देती नजर आती हैं। इसी दौरान उन्होंने अपना परिचय देते हुए कुछ शब्द कहे, जिन पर सोशल मीडिया में विवाद खड़ा हो गया। बैंककर्मी के मुताबिक, वह 15 दिसंबर से शाखा में रिलेशनशिप अफसर के तौर पर तैनात हैं। नए वीडियो में बैंककर्मी ने स्पष्ट किया कि यह घटना किसी कस्टमर के साथ नहीं हुई और न ही उन्होंने किसी ग्राहक के साथ अभद्रता की है। उनका कहना है कि मामला बैंक की ही एक महिला कर्मचारी के इस्तीफे और उसी दिन रिलीविंग ऑर्डर से जुड़ा था, जिस पर शाखा में तनाव की स्थिति बनी। बैंककर्मी के अनुसार, संबंधित कर्मचारी की रिश्तेदार (ननद) सुबह से बैंक में मौजूद थीं और बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई। इसके बाद शाम को संबंधित महिला कर्मचारी के पति को जानकारी दी गई।
बैंककर्मी ने आरोप लगाया कि वर्किंग आवर खत्म होने के बाद शाम करीब 4:30 बजे संबंधित कर्मचारी के पति बैंक में आए और उनके साथ अनुचित व्यवहार किया। उनका दावा है कि व्यक्ति ने स्टाफ के सामने धमकी देने जैसी भाषा का इस्तेमाल किया और विरोध करने पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बैंककर्मी का कहना है कि इसी दौरान बात बिगड़ी और वही क्लिप अब अलग संदर्भ में वायरल की जा रही है। बैंककर्मी ने माना कि उस वक्त बोले गए कुछ शब्द उचित नहीं थे, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जब कोई सार्वजनिक जगह पर धमकी दे, तो प्रतिक्रिया होना स्वाभाविक है। उन्होंने दावा किया कि पूरे मामले की जानकारी ईमेल के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई है। वहीं, शाखा प्रबंधक की ओर से इस प्रकरण पर कुछ कहने से इनकार किए जाने की बात भी सामने आई है। UP News