उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक डॉक्टर और नर्स की प्रेम कहानी अब कानूनी और पारिवारिक विवाद में उलझ गई है। कोविड काल में साथ काम करते हुए दोनों के बीच शुरू हुआ रिश्ता वर्ष 2024 में शादी तक पहुंचा, लेकिन परिवार की असहमति के कारण दोनों अलग-अलग घरों में रहने को मजबूर रहे।

UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक डॉक्टर और नर्स की प्रेम कहानी अब कानूनी और पारिवारिक विवाद में उलझ गई है। कोविड काल में साथ काम करते हुए दोनों के बीच शुरू हुआ रिश्ता वर्ष 2024 में शादी तक पहुंचा, लेकिन परिवार की असहमति के कारण दोनों अलग-अलग घरों में रहने को मजबूर रहे। इस बीच युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो गया। अब करीब दो साल बाद युवती अपने पति के साथ रहने के लिए घर छोड़कर उसके पास पहुंच गई है और दोनों ने पुलिस कमिश्नर से सुरक्षा तथा अनावश्यक पुलिस कार्रवाई से बचाने की गुहार लगाई है। UP News
जानकारी के मुताबिक गोविंदनगर निवासी युवक पेशे से डॉक्टर है, जबकि बर्रा-7 की रहने वाली युवती एक नर्स है। दोनों की मुलाकात कोविड महामारी के दौरान शहर के एक बड़े अस्पताल में ड्यूटी के दौरान हुई थी। साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम में बदल गया। दोनों अलग-अलग बिरादरी से होने के कारण युवती ने अपने परिवार को इस संबंध की जानकारी नहीं दी। बाद में 14 मई 2024 को दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और अगले ही दिन विवाह का विधिवत पंजीकरण भी करा लिया। हालांकि परिवारों की नाराजगी को देखते हुए दोनों ने तत्काल साथ रहने के बजाय अलग-अलग घरों में रहने का फैसला किया, ताकि समय के साथ परिजनों को मना सकें। UP News
बताया जा रहा है कि फोन पर बातचीत के दौरान युवती के परिवार को प्रेम विवाह की जानकारी मिल गई। इसके बाद परिजनों के दबाव में युवक और उसके पिता के खिलाफ बर्रा थाने में मारपीट, रुपये मांगने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच की तो कई तथ्य शिकायत से अलग पाए गए। जांच के बाद युवक को पाबंद कर छोड़ दिया गया और मामले में चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी गई। इस दौरान दोनों लगातार संपर्क में रहे और साथ रहने का रास्ता तलाशते रहे। UP News
करीब दो वर्ष बाद 12 जुलाई को युवती अपने घर से निकलकर सीधे गोविंदनगर स्थित अपने पति के घर पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया। डॉक्टर पति वर्तमान में गोविंदनगर क्षेत्र में अपना निजी क्लीनिक संचालित करता है। दोनों का कहना है कि अब वे वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से शुरू करना चाहते हैं और किसी तरह के पारिवारिक या कानूनी दबाव से मुक्त रहना चाहते हैं। जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2025 को युवती की ओर से युवक के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिकायत में बैंक खाते के लेनदेन, रुपये मांगने और अन्य आरोप लगाए गए थे। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी होने के बाद डॉक्टर और उनके पिता के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत की जा चुकी है। UP News
मंगलवार को दोनों पति-पत्नी संयुक्त रूप से पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। युवती ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि वह अब अपनी इच्छा से अपने पति के साथ रहना चाहती है। उसने आरोप लगाया कि अब तक वह परिवार के दबाव में फैसले लेती रही, लेकिन अब स्वतंत्र रूप से अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करना चाहती है। युवती ने पुलिस से अनुरोध किया कि उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और किसी नए मुकदमे या कार्रवाई का सामना न करना पड़े। पुलिस कमिश्नर ने दोनों को भरोसा दिलाया कि यदि वे कानून के दायरे में हैं तो पुलिस उनकी सुरक्षा और अधिकारों का पूरा ध्यान रखेगी तथा बिना वजह किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाएगी। UP News
विज्ञापन