Kanpur News : कांस्टेबल ने बीच सड़क पत्नी को बेरहमी से पीटा, अपहरण की कोशिश
Kanpur News: Constable brutally beat up his wife in the middle of the road, tried to kidnap
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:04 AM
Kanpur News : कानपुर। यूपी के कानपुर स्थित पनकी थाना क्षेत्र में एक कांस्टेबल ने अपनी पत्नी को बीच सड़क पर गुंडों के साथ जमकर पीटा और उसके बाल खींचकर गाड़ी से अगवा करने की कोशिश की। मामले में पनकी थाने में कांस्टेबल और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कांस्टेबल और उसके दबंग साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
Kanpur News :
कांस्टेबल पति से शिक्षिका पत्नी का है विवाद
एसीपी पनकी निशंक शर्मा ने बताया कि पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह तैनात हैं। उनकी मूल रूप से इटावा सैफई निवासी पत्नी अनीता सिंह प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका हैं। मौजूदा समय में पनकी में रहती हैं। कांस्टेबल का दूसरी महिलाओं से संबंध होने के चलते पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा है। कुछ दिनों पहले अनीता ने हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह के खिलाफ कोतवाली थाने में दहेज उत्पीड़न की एफआईआर भी दर्ज कराई थी।
वीडियो वायरल होने पर दर्ज हुआ केस
मामले में विवाद इतना बढ़ गया कि कांस्टेबल ने गुंडों के साथ पत्नी पर सड़क पर हमला कर दिया। इसके साथ ही जबरन अपनी कार में भरकर ले जाने का प्रयास किया। इलाकाई लोगों और पुलिस को सूचना देने के बाद हेड कांस्टेबल पत्नी को छोड़कर भाग निकला था। कांस्टेबल का पत्नी के साथ बर्बता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड ने पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया। इसके साथ ही आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। आरोपी कांस्टेबल और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट, बलवा, छेड़खानी, जान से मारने की धमकी देना और तोड़फोड़ करने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कांस्टेबल की तलाश में छापेमारी
विभाग से जुड़ा मामला होने के चलते पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में हर कदम पर लापरवाही कर रही है। आरोप है कि सबसे पहले तो वारदात के बाद मामले में पनकी थाने की पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस नेएफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की बजाए जांच के बाद रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिलाया है।