कानपुर में सीएम योगी की सुरक्षा में भारी चूक : गलत हेलीपैड पर उतरा हेलिकॉप्टर
Kanpur News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 07:19 AM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 07:19 AM
Kanpur News : यह काफी आश्चर्य का विषय है कि साधारण तो छोड़िए वीआईपी मूवमेंट में भी सतर्कता में कमी की वजह से कभी कभी काफी फजीहत हो जाती है। जिससे बचने के लिए बाद में तरह तरह के बहाने और जिम्मेदारी एक दूसरे के ऊपर डालना पड़ता है। बुधवार को ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कानपुर में देखने में आया। अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान एक गंभीर सुरक्षा चूक सामने आई है। बुधवार को सीएम योगी का हेलिकॉप्टर गलत हेलीपैड पर उतार दिया गया, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
क्या हुआ था?
यह घटना सीएसए यूनिवर्सिटी मैदान, कानपुर की है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 30 मई को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री पहुंचे थे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम योगी का हेलिकॉप्टर हेलीपैड नंबर 4 पर उतरना था, लेकिन पायलट ने हेलिकॉप्टर को हेलीपैड नंबर 2 पर उतार दिया। बताया जा रहा है कि मैदान में कुल 5 हेलीपैड बनाए गए हैं, और उनमें से दो-दो हेलीपैड तीन अलग-अलग सेक्शन में बने हुए हैं। एक हेलीपैड प्रधानमंत्री मोदी, एक मुख्यमंत्री योगी, और बाकी अन्य वीआईपी के लिए आरक्षित थे। पायलट द्वारा गलत हेलीपैड पर लैंडिंग किए जाने से वायुसेना का लैंडिंग ट्रायल भी बाधित हुआ।
कहां हुई चूक?
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, एक ही परिसर में कई हेलीपैड होने की वजह से पायलट कन्फ्यूज हो गया और हेलिकॉप्टर को गलत स्थान पर लैंड करा दिया। इस बीच, सीएम का स्वागत करने के लिए अधिकारी जिस हेलीपैड पर खड़े थे, उन्हें दौड़कर दूसरे हेलीपैड पर जाना पड़ा। हालांकि, स्थिति को तत्काल नियंत्रित कर लिया गया और सीएम योगी का औपचारिक स्वागत वहां किया गया, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
यह कितनी गंभीर लापरवाही है?
वीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत हेलीपैड आवंटन, संचार और मार्किंग का स्पष्ट और त्रुटिरहित होना जरूरी है। हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति से सुरक्षा जोखिम पैदा हो सकता है। यह चूक ऐसे समय पर हुई है जब कुछ ही दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी स्थान पर जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब सीएम योगी के हेलिकॉप्टर से जुड़ी समस्या सामने आई है। 20 अप्रैल 2024 को भी तेज हवाओं के कारण उनका हेलिकॉप्टर अस्थिर हो गया था। हालांकि पायलट की सूझबूझ से तब स्थिति को संभाल लिया गया था।
पीएम मोदी का दौरा 30 मई को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई को कानपुर दौरे पर आ रहे हैं। वह यहां पावर प्लांट, मेट्रो विस्तार परियोजना और अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे। सीएम योगी इसी दौरे की तैयारियों के तहत सीएसए यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। उन्होंने वहां जनसभा स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को ट्रैफिक, सफाई और पार्किंग व्यवस्था को सख्ती से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। Kanpur News
अब तक जारी नहीं हुआ कोई अधिकारिक बयान
इस मामले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि प्रोटोकॉल उल्लंघन और पायलट स्तर पर हुई चूक की जांच की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों और वायुसेना के बीच समन्वय की भी समीक्षा हो सकती है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले हुई यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी की घंटी है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा में इस तरह की चूक न केवल राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर आलोचना को जन्म देती है, बल्कि यह किसी भी अनहोनी की आशंका को भी बढ़ा सकती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस चूक से क्या सबक लेता है और आगे की तैयारियों को कैसे निष्पादित करता है। Kanpur News