
UP News : उत्तर प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाने जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार कानपुर जिले के भीमसेन गांव के निकट प्रस्तावित 500 एकड़ क्षेत्र में एक विशाल इलेक्ट्रिक वाहन पार्क की स्थापना की योजना बनाई गई है, जिसकी अनुमानित लागत 700 करोड़ रुपये बताई जा रही है।उत्तर प्रदेश सरकार के इस परियोजना को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDC) और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन (DFCC) मिलकर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर विकसित करेंगे। इसका उद्देश्य न केवल राज्य में ई-व्हीकल निर्माण को बढ़ावा देना है, बल्कि इस क्षेत्र को रोजगार, तकनीक और निवेश के एक नए केंद्र के रूप में स्थापित करना भी है।
इस अत्याधुनिक पार्क में इलेक्ट्रिक मोटर्स, चेसिस, स्टील पार्ट्स, और लिथियम-आयन सेल जैसी प्रमुख इकाइयों की स्थापना की जाएगी। साथ ही बैटरी असेंबली यूनिट, चार्जिंग सिस्टम, कंट्रोलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण की भी उच्चस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना में एक अनुसंधान एवं विकास केंद्र (R&D) भी शामिल होगा, जो नवाचार को गति देगा।
इस ईवी पार्क का एक महत्वपूर्ण पहलू है इसमें प्रस्तावित ईवी सहायक क्लस्टर, जिसके तहत आस-पास के छोटे और मध्यम उद्यम (MSMEs) को ई-व्हीकल कंपोनेंट्स के निर्माण में भागीदारी का अवसर मिलेगा। इससे न सिर्फ क्षेत्रीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। DFCC कॉरिडोर के निकट होने के चलते यह पार्क सप्लाई चेन और लॉजिस्टिक्स के लिहाज से अत्यंत लाभकारी साबित होगा। तैयार उत्पादों का देशभर में तेजी से परिवहन संभव होगा, जिससे व्यवसायिक लागत में कमी और समय की बचत होगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जैसे ही अधिग्रहण का कार्य पूरा होगा, परियोजना के निर्माण का पहला चरण शुरू कर दिया जाएगा। यूपी सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना को जल्द से जल्द मूर्त रूप देने को लेकर प्रतिबद्ध है। UP News