Karauli Baba : करौली सरकार को डॉक्टर से मारपीट में क्लीनचिट
Karauli Baba: Clean chit to Karauli government in assault with doctor
भारत
चेतना मंच
18 Apr 2023 08:36 PM
Karauli Baba : कानपुर। यूपी के कानपुर में चर्चित करौली सरकार बाबा संतोष भदौरिया और नोएडा के डॉक्टर से मारपीट के मामले में बिधनू पुलिस ने करौली बाबा को क्लीनचिट दे दी है। जबकि बाबा के तीन चेलों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में चार्जशीट दाखिल की गई है। बाबा को क्लीनचिट देने के बाद कानपुर कमिश्नरेट पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।
Karauli Baba :
डॉक्टर ने दर्ज कराई थी एफआईआर
ज्ञात हो कि नोएडा निवासी डॉ. सिद्धार्थ चौधरी ने 19 मार्च को बिधनू थाने में करौली सरकार के बाबा संतोष सिंह भदौरिया और उनके चेलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि 22 फरवरी 2023 को वह करौली आश्रम में परिवार के साथ आए थे। उन्होंने बाबा संतोष सिंह भदौरिया को चैलेंज करते हुए कहा था कि मुझे कोई चमत्कार दिखाओ। आरोप था कि इसके बाद बाबा के चेलों और बाउंसरों ने पीटते हुए खींचकर आश्रम से बाहर कर दिया था। अब इस मामले में बाबा को क्लीनचिट देकर उनके चेलों पर चार्ज शीट दाखिल की गई है।
जांच में बाबा के खिलाफ नहीं मिले साक्ष्य
बिधनू थाना प्रभारी सतीश राठौर ने बताया कि मामले की जांच के दौरान बाबा के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। जांच में करौली सरकार के तीन चेलों के खिलाफ मारपीट के साक्ष्य वीडियो के आधार पर मिले हैं। इसी आधार पर बाउंसर और उनके तीनों चेलों के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी की धारा में चार्जशीट दाखिल की गई है। जबकि जांच के दौरान बाबा के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला। इसके चलते उन्हें इस मामले में क्लीनचिट दे दी गई है।
पुलिस की जांच पर उठ रहे सवाल
बिधनू पुलिस ने भले ही बाबा संतोष सिंह भदौरिया को क्लीनचिट दे दी है, लेकिन बिधनू थाने की पुलिस अब सवालों के घेरे में आ गई है। इसमें बाबा खुद मंच से अपने बाउंसर और चेलों से डॉ. सिद्धार्थ चौधरी को मारपीट करके बाहर निकालने की बात कह रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने जांच के दौरान बाबा को क्लीनचिट दे दी। इससे बिधनू पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है।