UP News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में सात बच्चों की मां के अपने ही समधी के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को लेकर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सात बच्चों की मां के अचानक लापता होने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि उसका समधी उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इतना ही नहीं पति का दावा है कि जब उसने आरोपी से बात की तो उसने साफ कहा कि महिला अब उसके साथ पत्नी की तरह रह रही है। फिलहाल पुलिस ने महिला की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़ित इंद्रराज ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 13 जुलाई की दोपहर करीब दो बजे उसकी पत्नी घर से अचानक लापता हो गई। पहले परिवार ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में महिला की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पति को अपने समधी पर शक हुआ और उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पीड़ित का आरोप है कि मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला उसका समधी राकेश कुमार उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है। पति का कहना है कि उसने कई बार आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की ताकि पत्नी के बारे में जानकारी मिल सके। हालांकि, उसकी कोशिश बेकार रही। शिकायत के मुताबिक जब पति ने आरोपी से महिला के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। पति का दावा है कि आरोपी ने फोन पर कहा कि महिला अब उसके साथ पत्नी की तरह रह रही है और वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस कथित बातचीत के बाद मामला और गंभीर हो गया।
घटना सामने आने के बाद गांव और आसपास के इलाकों में इस मामले को लेकर लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिवार भी इस घटना से सदमे में है। सात बच्चों की मां के इस तरह अचानक गायब होने से बच्चों और परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है। हालांकि, अभी तक महिला का पक्ष सामने नहीं आया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
कोखराज थाना पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और उससे जुड़े सभी तथ्यों को इकट्ठा किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला के मिलने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। इसके बाद सामने आने वाले तथ्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन