उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में प्रेम प्रसंग ने दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया। एक शादीशुदा महिला से कथित प्रेम संबंध को लेकर दो दोस्तों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया।

UP News : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में प्रेम प्रसंग ने दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया। एक शादीशुदा महिला से कथित प्रेम संबंध को लेकर दो दोस्तों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया। आरोप है कि पहले दोस्त को बीयर पार्टी के बहाने गांव के बाहर बुलाया गया, फिर नशे की हालत में कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। UP News
जानकारी के अनुसार, डिघवा बुजुर्ग गांव निवासी गौरव उर्फ गोलू का शव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर एक खेत में मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही मामले की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक गौरव और उसका दोस्त नितेश कुमार एक ही शादीशुदा महिला के संपर्क में थे। महिला रिश्ते में नितेश की भाभी बताई जा रही है। जब नितेश को गौरव और महिला के बीच बढ़ती नजदीकियों की जानकारी मिली तो उसने अपने दोस्त को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। इस साजिश में उसने अपने साथी राहुल प्रसाद और एक नाबालिग को भी शामिल कर लिया। UP News
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार देर रात चारों युवक गांव के बाहर पहुंचे और वहां बैठकर 11 बोतल बीयर पी। शराब के नशे में गौरव के बेसुध होने का इंतजार किया गया। इसके बाद नितेश, राहुल और नाबालिग ने मिलकर कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को खेत में फेंककर फरार हो गए। UP News
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। वारदात में शामिल नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि हत्या की मुख्य वजह प्रेम प्रसंग से उपजा विवाद था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेहद कम समय में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने जांच टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। UP News
विज्ञापन