Ram Mandir Prana Pratishta: अयोध्या में श्रीराम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह और उदघाटन को लेकर भाजपा की ओर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर यह है कि भाजपा के पुराने नेता लालकृष्ण आडवाणी प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए आगामी 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे। बीते माह आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को राम मंदिर ट्रस्ट की ओर स निमंत्रण भेजा गया था। हालांकि, दोनों की उम्र और स्वास्थ्य को देखकर माना जा रहा था कि वे अयोध्या नहीं आएंगे।
विहिप के प्रमुख आलोक कुमार ने भाजपा के पुराने नेता वयोवृद्ध लालकृष्ण आडवानी के अयोध्या पहुंचने की पुष्टि की है। आपको बता दें कि बुधवार, 10 जनवरी को आरएसएस नेता कृष्ण गोपाल, राम लाल और विश्व हिन्दू परिषद के नेता आलोक कुमार दिल्ली स्थित लालकृष्ण आडवाणी के घर पहुंचे और उन्हें राम मंदिर उद्घाटन समारोह का न्योता दिया। 96 वर्षीय भाजपा नेता और उनके परिवार को यह भरोसा दिलाया गया कि 22 जनवरी को अयोध्या में रहने के दौरान उन्हें हर जरूरी मेडिकल सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
आरएसएस नेता कृष्ण गोपाल ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में आडवाणी की भूमिका को देखते हुए उनका प्राण प्रतिष्ठा समारोह में रहना महत्वपूर्ण है। सभी चाहते हैं कि 22 जनवरी के दिन लालकृष्ण आडवाणी अयोध्या में रहें। उनकी उम्र को देखते हुए हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। सभी चीजों से आश्वस्त होने के बाद आडवाणी और उनके परिवार ने न्योता स्वीकार करते हुए 22 जनवरी को अयोध्या पर हामी भर दी।
राम मंदिर आंदोलन को देशव्यापी बनाने वाले कद्दावर भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता मिलने पर काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि यह बड़ा सौभाग्य का योग है कि ऐसे भव्य प्रसंग पर प्रत्यक्ष उपस्थिति का अवसर मिला है। पहली बात है कि इतने वर्षों के बाद भारत के ‘स्व’ के प्रतीक का पुनर्निर्माण हमने किया। वो हमारे पुरुषार्थ के आधार पर किया। दूसरी बात है कि जो अपनी एक दिशा होनी चाहिए, उसको पकड़ने का प्रयास भी अनेक दशकों से हम लोग कर रहे थे, वो हमें मिल गई है और स्थापित हो गई है।